वॉशिंगटन7 मिनट पहले

ब्रिटेन में स्कूल फिर से खोल दिए गए हैं। लंदन के हैरिस प्राइमरी एकेडमी स्कूल में पहले दिन क्लास में बैठे बच्चे।
- दुनिया में 8.68 लाख लोगों की मौत हुई, अब तक 1.84 करोड़ ठीक हुए
- अमेरिका में 62 लाख से ज्यादा संक्रमित, अब तक 1.90 लाख की जान गई
दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 2 करोड़ 62 लाख 11 हजार 592 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 84 लाख 70 हजार 265 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 8 लाख 68 हजार 68 लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
ब्रिटेन सरकार ने कोरोनावायरस की रैपिड टेस्टिंग के लिए 50 करोड़ यूरो ( करीब 4872 करोड़ रुपए) की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री मैट हैंकॉक ने गुरुवार को बीबीसी से बातचीत में कहा कि देश में अभी भी टेस्टिंग की जरूरत थी। हमारी सरकार ने जिन इलाकों में ज्यादा मामले थे, वहां तेजी से टेस्टिंग शुरू की है।
उन्होंने कहा कि हर जगह टेस्टिंग सेंटर बनाए गए हैं। अगर कोई सेंटर भी नहीं आ सकता तो उसके घर जाकर टेस्टिंग की जाएगी। ब्रिटेन में अब तक संक्रमण के 3.38 लाख से ज्यादा मामले और 41 हजार से ज्यादा की मौत हो चुकी है।
इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश |
संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 62,91,627 | 1,90,014 | 34,47,926 |
ब्राजील | 40,01,422 | 1,23,899 | 32,10,405 |
भारत | 38,53,406 | 67,486 | 29,70,492 |
रूस | 10,09,995 | 17,528 | 8,26,935 |
पेरू | 6,63,437 | 29,259 | 4,80,177 |
साउथ अफ्रीका | 6,27,041 | 14,149 | 5,40,923 |
कोलंबिया | 6,33,339 | 20,348 | 4,79,568 |
मैक्सिको | 6,10,957 | 65,816 | 4,24,990 |
स्पेन | 4,79,554 | 29,194 | उपलब्ध नहीं |
अर्जेंटीना | 4,39,172 | 9,118 | 3,15,530 |
ऑस्ट्रेलिया: विक्टोरिया में मामले बढ़े
ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया और न्यू साउथ वेल्स में संक्रमण की दूसरी लहर भारी साबित हो रही है। अकेले विक्टोरिया में ही बुधवार को 113 नए मामले सामने आए। इसी दौरान 15 लोगों की मौत हो गई। सरकार अब इस बात का पता लगाने के लिए सर्वे करा रही है कि किन शहरों के कौन से हिस्से ऐसे हैं, जहां संक्रमण तेजी से फैला है। यहां सख्त इंतजाम किए जाएंगे। दूसरी तरफ, न्यू साउथ वेल्स में पब्लिक प्लेस पर मास्क न लगाने वालों पर जुर्माना लगाने पर विचार किया जा रहा है।

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में एक पार्क में हेल्थ कैंप लगाया गया। यहां रोज इस तरह के कैंप लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को टेस्टिंग के लिए ज्यादा दूर नहीं जाना पड़े। विक्टोरिया राज्य में संक्रमण की दूसरी लहर देखी जा रही है। (फाइल)
मैक्सिको: एक दिन में 4 हजार से ज्यादा मामले
मैक्सिको की हैल्थ मिनिस्ट्री ने बुधवार रात एक बयान में बताया कि देश में 24 घंटे के दौरान कुल 4921 मामले सामने आए। इसी दौरान 575 लोगों की मौत भी हो गई। मौतों का बढ़ता आंकड़ा सरकार के लिए फिर चिंता का कारण बन गया है। बीते हफ्ते इसमें कमी आई थी। मैक्सिको में अब तक 6 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसी दौरान 65 हजार से ज्यादा की मौत भी हो गई।

मैक्सिको में पिछले हफ्ते संक्रमितों की संख्या में गिरावट आई थी। अब ये फिर तेजी से बढ़ा है। यहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट शुरू कर दिया गया है। इसमें भी यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
चीन : 11 नए मामले
चीन में एक बार फिर संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। बुधवार को कुल 11 संक्रमित पाए गए। इसके पहले 8 लोग पॉजिटिव पाए गए थे। नेशनल हैल्थ कमीशन ने एक बयान में बताया कि सभी मरीज ऐसे हैं, जो दूसरे देशों से चीन आए हैं। बुधवार सुबह जारी बयान में कहा गया था कि 18 दिनों से कोई लोकल केस नहीं मिला। दूसरी तरफ चीन का हैल्थ डिपार्टमेंट आज वैक्सीन को लेकर नई जानकारी दे सकता है।

बुधवार को चीन की राजधानी बीजिंग में अपने घर के बाहर मौजूद बुजुर्ग। चीन में बुधवार को 11 नए केस सामने आए। सभी संक्रमित दूसरे देशों से चीन आए थे।
इटली : पूर्व प्रधानमंत्री संक्रमित
इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। पूर्व पीएम ने खुद इसकी जानकारी दी। एक बयान जारी कर बर्लुस्कोनी ने कहा- मेरी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। काफी थकान महसूस हो रही है। बर्लुस्कोनी यहां की सबसे बड़ी मीडिया कंपनी के मालिक भी हैं। वे एसी मिलान के मालिक भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा- मैं अपनी राजनीतिक गतिविधियां जारी रखूंगा। मीडिया के जरिए प्रचार भी करूंगा।

इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी भी संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने कहा- काफी थकान जरूर महसूस हो रही है, लेकिन मैं राजनीतिक गतिविधियां जारी रखूंगा। (फाइल)