- Hindi News
- National
- Mumbai Delhi Coronavirus News | Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today
नई दिल्ली41 मिनट पहले

यह फोटो अहमदाबाद की है। नवरात्रि से पहले ट्रेडिशनल ड्रेस पहनी एक बच्ची गरबे की रिहर्सल करने के लिए इंतजार कर रही है। मास्क भी ट्रेडिशनल ड्रेस से ही बनाया गया है।
- देश में अभी 10.18 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है, 8 हजार से ज्यादा की हालत गंभीर
- अब तक 84,717 लोगों की हो चुकी है मौत; कर्नाटक में मरीजों का आंकड़ा 5 लाख के पार
देश में शुक्रवार को जितने संक्रमित मिले, उससे ज्यादा लोग रिकवर हुए। 24 घंटे में 92,788 मामले सामने आए, जबकि 95,373 मरीज ठीक हुए हैं। कोरोना मरीजों का आंकड़ा 53 लाख 5 हजार 475 हो गया है। इनमें 42 लाख 5 हजार 201 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 10 लाख 15 हजार 981 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 85 हजार 625 लोग जान गंवा चुके हैं।
उधर, मध्यप्रदेश में शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या एक लाख से ज्यादा हो गई। शुक्रवार को 2552 नए संक्रमित मिले, जबकि 2554 लोग ठीक हुए। इसके साथ ही कोरोना के कुल मामले 1 लाख 458 हो गए।

दिल्ली में 5 अक्टूबर तक स्कूल बंद रहेंगे
उधर, दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को कोरोना संकट के दौरान ऑनलाइन पढ़ाई को लेकर बड़ा आदेश दिया है। कोर्ट ने प्राइवेट और सरकारी स्कूलों को आदेश दिया है कि वह अपने यहां पढ़ने वाले गरीब बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए गैजेट्स और इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध कराएं। प्राइवेट स्कूल इसके लिए राज्य सरकार से शुल्क ले सकेंगे।
कोर्ट ने कहा, ”कोरोना के बीच बच्चों की पढ़ाई न रुके इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। जिन बच्चों के पास ऑनलाइन एजुकेशन की सुविधा नहीं है उन्हें स्कूल और सरकार मिलकर यह सुविधाएं उपलब्ध कराएं।” दिल्ली सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों को 5 अक्टूबर तक बंद रखने का फैसला लिया है।
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 5 अक्टूबर तक ऑनलाइन क्लासेज, टीचिंग लर्निंग एक्टिविटी जारी रहेगी। केंद्र सरकार ने अनलॉक 4.0 के तहत 21 सितंबर से 9-12 क्लास तक के स्टूडेंट्स को गाइडेंस के लिए स्कूल जाने की अनुमति दे रखी है। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गाइडलाइंस भी जारी की है, लेकिन दिल्ली सरकार ने अभी स्कूल न खोलने का फैसला लिया है।
गंभीर मरीजों के मामले में भारत दूसरे नंबर पर
वेंटिलेटर या आईसीयू में भर्ती मरीजों के मामले में भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर है। सबसे ज्यादा ऐसे मरीज अमेरिका में हैं। तीसरे नंबर पर ब्राजील है। हालांकि, रूस में भारत की तुलना में एक चौथाई गंभीर मरीज ही हैं। दुनियाभर में 61 हजार 275 गंभीर मरीज हैं। राहत की बात यह है कि देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 10 लाख 17 हजार 414 है। इस तरह गंभीर मरीजों का प्रतिशत महज 0.87 है।
कोरोना अपडेट्स
- कर्नाटक में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 5 लाख के पार हो गया। 24 घंटे में 8626 नए मरीज बढ़े। 10 हजार 949 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हुए, जबकि 179 मरीजों ने दम तोड़ दिया। राज्य में अब तक 5 लाख 2 हजार 982 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 94 हजार 26 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 1 हजार 129 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
- केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर मॉनिटरिंग टीम बनाने, मेडिकल ऑक्सीजन के मूवमेंट और उसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने बताया कि गुरुवार को 10 लाख 6 हजार 615 सैंपल की जांच की गई। वहीं, अब तक 6 करोड़ 15 लाख 72 हजार 343 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि 24 घंटे में 96 हजार 424 मरीज बढ़े और 1,174 लोगों की मौत हो गई। देश में संक्रमितों की संख्या अब 52 लाख 14 हजार 678 हो गई।

पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या एक लाख से ज्यादा हो गई। शुक्रवार को 2552 नए संक्रमित मिले। इसके साथ ही कोरोना के कुल मामले 1 लाख 458 हो गए। राजधानी में भी संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही है। यहां पर डबलिंग रेट बढ़ गया है। अब 42 दिन में दोगुने मरीज मिल रहे हैं। सितंबर के 18 दिनों में भोपाल में कोरोना के 5 हजार नए केस सामने आए हैं। केस बढ़ने के बावजूद प्रदेश का रिकवरी रेट 75% बना हुआ है।

2. राजस्थान
राज्य में शुक्रवार को कोरोना के अब तक के रिकॉर्ड 1817 रोगी मिले। इसके साथ कोरोना मरीजों की संख्या एक लाख से ज्यादा हो गई है। वहीं, अब तक कुल 92 हजार 265 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। जयपुर में रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या 10 हजार 399 हो गई है। राज्य में अब तक 1308 लोगों की जान जा चुकी है।
राजस्थान सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। इसके मुताबिक, अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीज से उनके परिजन मुलाकात कर सकेंगे। हालांकि, इसके लिए परिजन को पीपीई किट, ग्लव्स, फेस मास्क पहने रहना अनिवार्य होगा। शुक्रवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसके लिए आदेश भी जारी कर दिया।

3. बिहार
राज्य में शुक्रवार को 1,147 नए मरीज बढ़े। 1,678 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया और 4 मरीजों की मौत हो गई। अब तक बिहार में 1 लाख 65 हजार 371 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 1 लाख 51 हजार 400 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 859 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 13 हजार 111 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

4. महाराष्ट्र
राज्य में शुक्रवार को 21 हजार 656 मामले सामने आए। इसी के साथ यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11 लाख 67 हजार 496 हो गई है। राहत की बात है कि इनमें 8 लाख 34 हजार 432 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी 3 लाख 887 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 31 हजार 791 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 440 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया।

5. उत्तरप्रदेश
प्रदेश में शुक्रवार को 6,494 मरीज बढ़े और 6,806 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। राज्य में अब तक 3 लाख 42 हजार 788 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 70 हजार 94 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,869 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। अभी 67 हजार 825 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
