- Hindi News
- Sports
- IPL CoronaVirus Is Top Trending Query On Google India Search 2020 Google India’s Year In Search 2020 Ram Mandir, Joe Biden, Arnab Goswami, India China Also In The List
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
नई दिल्ली29 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

इस साल IPL स्पोर्टिंग और न्यूज इवेंट में सर्च में टॉप पर रहा। फिल्म कैटेगरी में दिल बेचारा को सबसे ज्यादा सर्च किया गया।
सर्च इंजन गूगल इंडिया ने बुधवार को ‘इयर इन सर्च 2020’ की घोषणा की। इसके मुताबिक इस साल IPL और इससे जुड़ी खबरें गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च की गई। इस मामले में IPL ने कोरोना को पीछे छोड़ दिया। वहीं, फिल्म कैटेगरी में दिल बेचारा को सबसे ज्यादा सर्च किया गया।
भारत में क्रिकेट को लेकर जुनून के बारे में सब जानते हैं। पिछले साल भी गूगल सर्च पर ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप को सबसे ज्यादा सर्च किया गया था। वहीं, इस साल IPL स्पोर्टिंग और न्यूज इवेंट में सर्च में टॉप पर रहा।
IPL के बाद यूएस इलेक्शन को सबसे ज्यादा किया गया सर्च
गूगल पर IPL के बाद कोरोना वायरस, यूएस इलेक्शन रिजल्ट, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM किसान स्कीम), बिहार इलेक्शन के नतीजे और दिल्ली इलेक्शन के नतीजे को सबसे ज्यादा सर्च किया गया। IPL का 13वां सीजन कोरोना के कारण यूएई में खेला गया था। इस साल 19 सितंबर से 10 नवंबर तक हुए लीग के व्यूअर-शिप में भी रिकॉर्ड 28% की बढ़ौतरी देखने को मिली थी।
भारत-चीन विवाद और राम मंदिर भी गूगल के टॉप सर्च में शामिल
वहीं, भारतीयों द्वारा गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च की गई खबरों में निर्भया केस, लॉकडाउन, भारत-चीन विवाद और राम मंदिर शामिल है। UEFA चैम्पियंस लीग, इंग्लिश प्रीमियर लीग, फ्रेंच ओपन और ला लिगा गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किए गए स्पोर्टिंग इवेंट हैं।
जो बाइडेन को गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किया गया
गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किए गए लोगों की लिस्ट में यूएस के प्रेसिडेंट-इलेक्ट जो बाइडेन, पत्रकार अर्नब गोस्वामी और गायिका कनिका कपूर शामिल हैं। अर्नब को हाल ही में महाराष्ट्र पुलिस ने इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक और उनकी मां के सुसाइड केस में गिरफ्तार किया था। इस लिस्ट नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन चौथे और दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन पांचवें स्थान पर हैं। इनके अलावा एक्ट्रेस कंगना रनौत, रिया चक्रवर्ती और अंकिता लोखंडे भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
सुशांत की फिल्म दिल बेचारा गूगल पर मोस्ट सर्च्ड फिल्म
फिल्म कैटेगरी में गूगल पर भारतीयों ने सबसे ज्यादा दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की अंतिम फिल्म दिल बेचारा को सर्च किया। इसके बाद तमिल फिल्म ‘सूराराइ पोट्टारू’, अजय देवगन की ‘तानाजी’, विद्या बालन की ‘शकुंतला देवी’ और जाह्नवी कपूर की मुख्य भूमिका वाली ‘गुंजन सक्सेना’ जैसी फिल्मों को सबसे ज्यादा सर्च किया गया। वहीं, वेब सीरीज की कैटेगरी में नेटफ्लिक्स की स्पेनिश ड्रामा ‘मनी हाइस्ट’ गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च की गई।
मनी हाइस्ट गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च की गई वेब सीरीज
मनी हाइस्ट के बाद के बाद ‘स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी’, रियलिटी शो ‘बिग बॉस 14’, ‘मिर्जापुर 2’ और ‘पाताल लोक’ को सबसे ज्यादा खोजा गया। वहीं, गूगल के हाऊ टू (HOW TO) कैटेगरी में सबसे ज्यादा पनीर पर सवाल पूछे गए। लोगों ने गूगल पर ‘पनीर कैसे बनाएं, ‘इम्यूनिटी कैसे बढ़ाएं’, ‘डालगोना कॉफी कैसे बनाएं’, ‘पैन कार्ड को आधार कार्ड से कैसे लिंक करें’ और ‘घर पर सैनिटाइजर कैसे बनाएं’ जैसे कई सवाल गूगल पर सर्च किए।
‘कोरोना’ और ‘बिनोद’ के बारे लोगों ने सबसे ज्यादा जानकारी ली
इसके अलावा गूगल पर भारतीयों ने कोरोना वायरस के बारे में सबसे ज्यादा जानकारी लेनी चाही। गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किए गए टर्म्स में ‘कोरोना वायरस क्या है’, ‘बिनोद क्या है’, ‘कोविड-19 क्या है’, ‘प्लाज्मा थैरेपी क्या है’ और ‘CAA क्या है’ सबसे ज्यादा सर्च किए गए। वहीं, गूगल पर ‘नीयर मी’ (NEAR ME) फीचर का इस्तेमाल सबसे ज्यादा फूड शेल्टर्स, कोविड-19 टेस्ट सेंटर, पटाखे की दुकान, शराब की दुकान और नाइट शेल्टर ढूंढने के लिए किया गया।