- Hindi News
- National
- India Corona Cases Total Update | India Crosses 50 Lakh Coronavirus Cases In India News Updates: 10 Most Infected Countries.
नई दिल्ली2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

- अमेरिका में 50 लाख केस होने में सबसे कम 199 दिन लगे, भारत में इतने मरीज 230 दिन में मिले
- दिसंबर तक देश में 1.50 करोड़ का आंकड़ा छू सकता है कोरोना, 1.84 लाख लोगों की जान जा सकती है
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा मंगलवार को 50 लाख के पार हो गया। अमेरिका के बाद भारत दूसरा ऐसा देश है, जहां 50 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। यहां हर 10 लाख लोगों में 42 हजार लोगों की जांच हो रही है और इनमें 3500 लोग संक्रमित पाए जा रहे। संक्रमितों के बढ़ने की अगर यही रफ्तार रही तो अक्टूबर तक अमेरिका को पीछे छोड़ दुनिया में सबसे ज्यादा मरीज भारत में होंगे। यहां अभी हर रोज औसतन 90 हजार लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। इस हिसाब से 31 अक्टूबर तक 90 लाख मरीज और संक्रमण से मरने वालों की संख्या 95 हजार तक पहुंच सकती है। दिसंबर तक मरीजों की संख्या 1.50 करोड़ और मरने वालों की संख्या 1.84 लाख से ज्यादा हो सकती है।
अक्टूबर में भारत दुनिया का सबसे संक्रमित देश होगा, दिसंबर में 1.50 करोड़ मरीज हो सकते हैं
तारीख | संभावित केस | संभावित मौतें |
30 सितंबर | 65 लाख | 95 हजार |
31 अक्टूबर | 92 लाख | 1.23 लाख |
30 नवंबर | 1.19 करोड़ | 1.53 लाख |
31 दिसंबर | 1.50 करोड़ | 1.84 लाख |
*भारत में अभी हर रोज औसतन 90 हजार मामले बढ़ रहे हैं। अगर यही रफ्तार रही तो दिसंबर तक 1.50 करोड़ का आंकड़ा छू सकता है। *देश में अभी हर रोज 1 हजार मौतें हो रहीं हैं। इस रफ्तार से दिसंबर तक 1.84 लाख लोग जान गंवा सकते हैं।
तीन महीने में सबसे ज्यादा 46 लाख से ज्यादा मरीज भारत में मिले
पिछले तीन महीने का आंकड़ा देखें तो दुनिया में सबसे ज्यादा 21.8% मरीज भारत में ही मिले। 15 जून को देश में कोरोना मरीजों की संख्या 3 लाख 43 हजार 70 थी जो 15 सितंबर तक बढ़कर 50 लाख 18 हजार से ज्यादा हो गई। इन तीन महीनों में 46 लाख 74 हजार 964 नए संक्रमित बढ़े। इस दौरान अमेरिका में 21.4% और ब्राजील में 16.4% मरीज बढ़े। पिछले एक महीने का आंकड़ा देखें तो इस दौरान देश में 24 लाख 28 हजार 825 संक्रमित बढ़े। ये दुनिया में एक महीने में मिले कुल संक्रमितों का 30.8% हिस्सा है। पिछले एक हफ्ते में मिले संक्रमितों पर नजर डालें तो दुनिया में सबसे ज्यादा 36.9% मरीज यहीं मिले। इस दौरान अमेरिका में 13.7% और ब्राजील में 10.9% संक्रमित पाए गए।
39 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए, रिकवरी रेट 78% हुआ
शुक्र है 50 लाख संक्रमितों में से 39 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। अभी 10 लाख संक्रमित ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। देश में संक्रमितों के ठीक होने की दर अब 78% से ज्यादा हो चुकी है। मतलब हर 100 मरीज में 78 लोग ठीक हो रहे हैं। अमेरिका में रिकवरी रेट 59.68% है। यहां हर 100 मरीजों में 59 लोग ठीक हो रहे हैं।
5.90 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच हुई, इनमें 8.47% संक्रमित मिले
30 जनवरी को पहला केस आने के 109 दिन बाद देश में संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख पहुंचा था। बाकी 9 लाख मामले 69 दिन में मिले। फिर मरीजों का यह आंकड़ा 10 से 20 लाख होने में 21 दिन, 20 से 30 लाख होने में 16 दिन लगे। इस बार 30 से 40 लाख केस होने में 13 और 40 से 50 लाख संक्रमित मिलने में केवल 11 दिन लगे। अब तक देश में 5.90 करोड़ से ज्यादा लोगों की कोरोना टेस्टिंग हो चुकी है। इनमें 8.47% लोग संक्रमित पाए गए। वहीं, अमेरिका में 50 लाख मामले सबसे कम 199 दिन में बढ़ गए।

देश के 14 राज्यों में 5 हजार से कम एक्टिव केस
देश में सबसे ज्यादा 10.90 लाख मरीज महाराष्ट्र में है। यहीं सबसे ज्यादा 2.77% डेथ रेट भी है। वहीं, रिकवरी रेट के मामले में टॉप-7 सबसे संक्रमित राज्यों और केंद्र शासित राज्यों में तमिलनाडु सबसे आगे है। यहां 89.24% मरीज ठीक हो चुके हैं। देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित राज्य ऐसे हैं जहां 5 हजार से कम एक्टिव केस हैं। इनमें पुडुचेरी, हिमाचल प्रदेश, गोवा जैसे राज्य शामिल हैं।

0