पटना23 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर नई दिल्ली में हुई भाजपा की बैठक के बाद मीडिया से बात करते भूपेंद्र यादव।
- विधानसभा चुनाव को लेकर सीट बंटवारे पर नई दिल्ली में भाजपा की लंबी बैठक हुई
- लोजपा भाजपा के मौजूदा ऑफर को स्वीकार करने के मूड में नहीं दिख रही
बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सीट बंटवारे पर नई दिल्ली में भाजपा की लंबी बैठक हुई। इसमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। बैठक के बाद बाहर निकलते हुए भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कहा है बिहार में भाजपा, जदयू और लोजपा साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। जीतन राम मांझी भी एनडीए के साथ हैं। जल्द ही सीटों के बंटवारे पर बात बन जाएगी।
एक-दो दिन में सीट शेयरिंग पर बन जाएगी बात
भूपेंद्र यादव ने कहा कि बिहार में एनडीए का गठबंधन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव में उतरेगा। पार्टी अध्यक्ष द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को गठबंधन के अपने सहयोगियों से बातचीत करने के लिए नामित किया है। हम आज और कल दो दिनों में बातचीत की इस प्रक्रिया को पूरा करेंगे। बिहार में भाजपा, जदयू और लोजपा तीनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी। जदयू के साथ उनके सहयोगी जीतन राम मांझी आए हैं।
बिहार में एनडीए तीन चौथाई बहुमत के साथ विजय प्राप्त करेगा। एनडीए सरकार बनाएगी, नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे। लोजपा द्वारा 143 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारने संबंधी सवाल पर भूपेंद्र ने कहा कि गठबंधन में किसको कितनी सीटें मिलेंगी इसपर बात चल रही है। जिसे जितनी सीट मिलेगी वह उतने पर ही चुनाव लड़ेगा।
औपचारिक रूप से बिहार के चुनाव प्रभारी बने देवेंद्र फडणवीस
बिहार भाजपा के प्रमुख नेताओं की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष के साथ हुई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बिहार चुनाव देख रहे थे। आज औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा उन्हें बिहार चुनाव प्रभारी बनाया गया है। बिहार के सभी वरिष्ठ नेताओं ने राज्य के सभी विधानसभा सीट की जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को दी है। इसके साथ ही केंद्रीय नेतृत्व को बिहार की राजनीतिक स्थिति की जानकारी दी गई।
लोजपा के चलते फंसा है पेंच
बिहार चुनाव को लेकर एनडीए में सीट बंटवारे का पेंच अभी तक फंसा ही हुआ है। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) भाजपा के मौजूदा ऑफर को स्वीकार करने के मूड में नहीं दिख रही है। पार्टी ने यह साफ कर रखा है का पार्टी प्रमुख चिराग पासवान अपनी पार्टी की तरफ से विधानसभा की 143 सीटों पर उम्मीदवार उतारने जा रहे हैं। इतने के बावजूद अब तक के चिराग पासवान को लेकर भाजपा ने उम्मीद नहीं छोड़ी है। उधर, चिराग पासवान भी नई दिल्ली में किसी जगह लगातार अपने नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं।
लोजपा प्रमुख चिराग पासवान 143 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारने को लेकर अड़े हुए हैं। इस बीच खबर है कि चिराग पासवान की मुलाकात आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हो सकती है।