मुंबई। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय सचिव पंकजा गोपीनाथ मुंडे ने कहा कि बीड़ जिले में महिला को तेजाब व पेट्रोल डालकर जिंदा जलाए जाने की घटना दुखद है। राज्य सरकार को इस घटना की गहन जांच कर दोषी को कठोर सजा दिलवाना चाहिए। पंकजा मुंडे ने कहा कि वह इस घटना को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से भी बात करने वाली हैं।
पुलिस के अनुसार नांदेड़ जिले के शेलगांव के रहनेवाले अविनाश आर. राजुरे (25) व उसकी प्रेमिका सावित्रा डी. अंकुलकर (22) पुणे में लीव इन रिलेशन में रहते थे। शुक्रवार को अविनाश अपनी प्रेमिका सावित्रा के साथ अपने गांव दीपावली मनाने के लिए लौट रहा था। देर रात को तकरीबन दो बजे अचानक अविनाश ने बीड़ जिले के एलंब घाट के पास अचानक अपनी मोटरसाईकिल रोक दिया और अपनी प्रेमिका को पीटने लगा। इसके बाद उसने अपनी प्रेमिका पर पहले तेजाब छिडक़ा, उसके बाद उस पर पेट्रोल छिडक़ कर आग लगा दिया। इसके बाद आरोपित ने सावित्रा को जलती अवस्था में ही सडक़ के पास खाई में धकेल दिया और घटनास्थल से फरार हो गया। इस घटना में घायल सावित्रा 12 घंटे तक उसी खाई में कराहते हुए पड़ी रही। शनिवार को दोपहर तकरीबन 2 बजे भेड़ चरा रहे एक व्यक्ति को सावित्रा की कराह सुनाई दी। इसके बाद उस व्यक्ति ने इसकी सूचना नेकनूर पुलिस स्टेशन को दी। इस जानकारी के बाद पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण केंद्रेने घटनास्थल से घायल महिला को तत्काल बीड़ जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन बीड़ जिला अस्पताल में पीडि़त महिला की रविवार को सुबह मौत हो गई।
लक्ष्मण केंद्रेके अनुसार आरोपित अविनाश राजुरे के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। आरोपित के बारे में पुणे, बीड़ व नांदेड़ जिला पुलिस को सूचना दी गई है और उसकी गहन तलाश जारी है। केंद्रे के अनुसार सावित्रा के परिजन भी नांदेड़ से बीड़ पहुंच गए हैं। इस घटना की गहन जांच जारी है।
यह खबर भी पढ़े: भाई अक्षत के रिसेप्शन में ट्रेडिशनल पहाड़ी लुक में नजर आई कंगना रनौत, तस्वीरें की शेयर
यह खबर भी पढ़े: छेड़खानी का विरोध करने पर युवती को जिंदा जलाया, इलाज के दौरान मौत, अब छोटी बहन को मिल रही धमकी