भागलपुर। भागलपुर जिले के अमडंडा थाना क्षेत्र के माधोपुर बथानी गांव में बुधवार को गला दबा कर एक नवविवाहिता की हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। मृतिका के पिता मन्टू पासवान ने बताया कि बीते वर्ष अपनी बेटी की शादी अमडंडा थाना क्षेत्र के माधोपुर बथानी गांव के योगेश्वर पासवान के साथ हिन्दू रीति-रिवाज के साथ की थी। शादी के समय लड़का पक्ष से जो मांग की गई वे सभी चीजें उन्हें दी गई थीं। सिर्फ पलंग देना बाकी रह गया था। पलंग के लिए लड़का पक्ष से बराबर मांग की जा रही थी। मैं देने के लिए भी तैयार था। लेकिन धनकटनी की वजह से फुर्सत नहीं मिल रही थी। इसलिए विलंब हो गया। रात में मेरी बेटी का फोन आया था कि पापा हमें ससुराल वाले जान से मारना चाह रहे हैं, आप आइये।
रात होने की वजह से मैंं नहीं आ सका। सुबह जब पहुंंचा तो देखा कि मेरी बेटी की मौत हो चुकी थी। मृतिका की मां ने बताया कि मेरी बेटी गर्भवती थी। कुछ महीने के बाद बच्चे को वह जन्म देने वाली थी। लड़की के माता-पिता ने अमडंडा थाने में लड़की के ससुराल वालों के खिलाफ दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। आवेदन में मृतिका के पति गिरीश पासवान, देवर संतोष पासवान, कन्हाई पासवान और ससुर योगेशवर पासवान को आरोपी बनाया गया है। अमडंडा थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि लड़की के ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
यह खबर भी पढ़े: पंजाब: गुरदासपुर में कर्ज से परेशान परिवार ने सल्फास खाकर गवाई जान