Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
रायपुर8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

तस्वीर रायपुर की है। कांग्रेस दफ्तर में सभी बड़े नेता मौजूद रहे, इस दौरान राहुल गांधी को फिर से अध्यक्ष बनाने पर सहमति बनी।
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रखा प्रस्ताव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत तमाम बड़े नेता रहे मौजूद
- प्रदेश प्रभारी के निर्देश सरकार की उपलब्धियां लेकर लोगों के बीच जाएंगे मंत्री, जो वादे पूरे उन्हें भी गिनाना होगा
शनिवार की दोपहर रायपुर के कांग्रेस भवन में अहम बैठक हुई। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया इस बैठक में शामिल होने दिल्ली से खास तौर पर रायपुर पहुंचे थे। इस बैठक में कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को बनाए जाने का प्रस्ताव पास किया गया। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया। सभी कांग्रेसी नेताओं ने एक मत होकर कहा कि राहुल गांधी को फिर से अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह प्रस्ताव रखा । छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने इसे समर्थन दिया।
राहुल ने खुद दिया था इस्तीफा
साल 2019 लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद इस पद पर कौन बैठेगा इसको लेकर कई बार चर्चा हुई। अंत में सोनिया गांधी को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी में संगठनात्मक चुनाव 29 मई को हो सकता है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि मई महीन में कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल सकता है। ये पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने की बात कही गई है। इससे पहले भी कई बार कई मौकों पर राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग हो चुकी है।
मंत्री और बड़े नेताओं को मिले ये निर्देश
प्रदेश दौरे पर रायपुर आए प्रभारी पीएल पुनिया ने सरकार के सभी मंत्रियों और पार्टी के नेताओं को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अब सभी लोग लोगों के बीच जाएं। अब तक सरकार की तरफ से किए गए बेहतर कामों की जानकारी लोगों को दें। यह भी कहा गया कि अब तक कांग्रेस की मौजूदा सरकार ने जिन वादों को पूरा किया वो सभी लोगों को बताए जाएं।