- Hindi News
- National
- Mumbai Delhi Coronavirus News | Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Mumbai Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Bihar Telangana Punjab Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today
नई दिल्ली15 मिनट पहले

नई दिल्ली के सीडब्ल्यूजी कोविड केयर सेंटर में संक्रमण से ठीक हो चुके मरीजों को रखा गया है। दिल्ली में अब तक 1.27 लाख से ज्यादा संक्रमित मिल चुके हैं।
- सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 9,895 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए, आंध्र प्रदेश में 7,998 संक्रमित मिले
- देश में बुधवार को 1130 मरीजों ने दम तोड़ा, अब तक 30 हजार 645 लोगों की मौत हुई
देश में कोरोना मरीजों की संख्या 12 लाख 88 हजार 130 हो चुकी है। गुरुवार को रिकॉर्ड 47 हजार 446 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। अब तक एक दिन में संक्रमितों के मिलने का यह आंकड़ा सबसे ज्यादा है। इसके पहले बुधवार को ही 45 हजार 601 लोग संक्रमित मिले थे। गुरुवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 9,895, आंध्र प्रदेश में 7,998, तमिलनाडु में 6,472 और कर्नाटक में 5,030 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इस बीच, राहत की बात है कि ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा भी 8 लाख के पार हो गया। अब तक 8 लाख 16 हजार 205 लोग रिकवर हो चुके हैं। गुरुवार को रिकॉर्ड 31 हजार 938 लोग ठीक हुए। एक दिन में ठीक होने वाले मरीजों की यह संख्या सबसे ज्यादा है। इसके पहले बुधवार को 874 लोग ठीक हुए थे। अभी 4 लाख 40 हजार 863 लोगों का इलाज चल रहा है।
मरने वालों का आंकड़ा 30 हजार के पार हुआ
इस बीच, बुरी खबर है कि संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा गुरुवार को 30 हजार के पार हो गया। 11 मार्च को देश में कोरोना से पहली मौत हुई थी। इसके 135 दिन के अंदर 30 हजार 645 लोगों ने जान गंवा दी। स्पेन को पीछे छोड़कर अब भारत दुनिया का 7वां देश हो गया है जहां सबसे ज्यादा जानें गई हैं। आंकड़ों को देखें तो भारत में हर 10 लाख की आबादी में 22 लोगों की जान जा रही है।


चेन्नई में शुरू हुआ प्लाज्मा बैंक
राजधानी दिल्ली के बाद देश का दूसरा प्लाज्मा बैंक चेन्नई में शुरू किया गया है। राज्य के प्रिंसिपल हैल्थ सेक्रेटरी जे. राधाकृष्णन ने बताया कि कोरोना मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा थैरेपी के इस्तेमाल के बेहतर नतीजे सामने आए हैं। इसे देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने प्लाज्मा बैंक तैयार किया है।
कोरोना अपडेट्स
- कोविड वेस्ट मटेरियल नष्ट करने की नई गाइडलाइन: सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने कोविड-19 के इलाज में प्रयोग होने वाले फेस मास्क, ग्लव्स, पीपीई किट व अन्य वेस्ट मटेरियल को नष्ट करने की नई गाइडलाइन्स जारी की है। विशेषज्ञों के अनुसार, हर दिन हर राज्य से औसतन 2 से 3 टन कोविड वेस्ट निकल रहा है। इसका निस्तारण सही तरीके से करना जरूरी है। गाइडलाइन के मुताबिक कोविड-19 में प्रयोग होने वाले सभी मास्क, ग्लव्स, पीपीई किट व अन्य वेस्ट मटेरियल को काटकर 72 घंटे किसी पेपर में लपेटना होगा। इसके बाद उसे डिस्पोज करना होगा।
- झारखंडः राज्य सरकार ने लॉकडाउन के नियमों को लेकर और सख्ती की है। अब सार्वजनिक जगहों पर मास्क ना पहनने और थूकने पर एक लाख रुपए का जुर्माना लग सकता है। झारखंड कैबिनेट ने बुधवार की रात को यह फैसला लिया। यहां 24 घंटे में कोरोना के 518 मामले सामने आए। राज्य में संक्रमितों की संख्या 6761 हो गई।
- एमपी के कैबिनेट मंत्री कोरोना पॉजिटिव : इस बीच खबर है कि मध्यप्रदेश के एक कैबिनेट मंत्री अरविंद भदौरिया (50) कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। बुधवार को वे कैबिनेट मीटिंग में भी मौजूद थे। इसके अलावा, वे लखनऊ में लालजी टंडन के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे। मंत्री भदौरिया को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्चः आईसीएमआर ने बुधवार को बताया कि 22 जुलाई तक 1 करोड़ 50 लाख 75 हजार 369 टेस्ट किए जा चुके हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में 3 लाख 50 हजार 823 सैंपल की जांच की गई।
- केंद्रीय स्वास्थ मंत्रालयः आज सुबह जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक, 24 घंटे में 45 हजार 720 मामले सामने आए। वहीं, 1129 मौतें हुईं। इस तरह देश में संक्रमितों की संख्या 12 लाख 38 हजार 635 हो गई है। इनमें 4 लाख 26 हजार 167 एक्टिव केस हैं। वहीं, 7 लाख 82 हजार 606 स्वस्थ हो गए हैं। देश में अब तक 29 हजार 861 लोग दम तोड़ चुके हैं।
- झारखंडः विधानसभा सचिवालय के कुछ कर्मचारी और सदस्य कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सचिवालय को डिसइन्फेक्ट करने के लिए 27 जुलाई तक के लिए सील कर दिया गया है। विधानसभा समितियों की सभी बैठकें 31 जुलाई तक टाल दी गई हैं।
- केरलः कैबिनेट ने कोरोना की वजह से 27 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र को रद्द करने का फैसला किया है। कैबिनेट की मीटिंग सोमवार को बुलाई गई है। इसमें पूर्ण लॉकडाउन पर फैसला लिया जा सकता है।
- तमिलनाडुः राजभवन में 84 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। सभी को क्वारैंटाइन किया गया है।
5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: भोपाल में गुरुवार को 190 पॉजिटिव मिले। इसके साथ राजधानी में मरीजों की संख्या बढ़कर 5 हजार के करीब पहुंच गई है। वहीं, अब तक 148 लोगों की जान चली गई है। भोपाल में कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से 24 जुलाई की रात आठ बजे से दस दिन का लॉकडाउन रहेगा। इसी के साथ विभिन्न क्षेत्रों के अलग-अलग जारी हुए लॉकडाउन के सभी आदेश रद्द कर दिए गए हैं। सभी बाजार गुरुवार और शुकवार को पहले की तरह खुलेंगे। इंदौर में सीरो-सर्वे हुआ था। इसमें खुलासा हुआ कि शहर के कंटेनमेंट जोन में 8% आबादी संक्रमित है। पॉजिटिव रेट 7.72% हो गया।

महाराष्ट्र: स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने गुरुवार को कहा कि राज्य में जिम और शापिंग मॉल खोले जाने पर विचार किया जा रहा है। धार्मिक स्थलों और सामाजिक कार्यक्रमों पर रोक सबसे आखिर में हटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन को लेकर अभी फैसला नहीं लिया गया है।

उत्तरप्रदेश: गुरुवार दोपहर तक सोनभद्र में 9, सिद्धार्थनगर में 23 और सहारनपुर में 26 मरीज मिले। राज्य में जुलाई महीने के 22 दिनों में 32677 रोगी मिल चुके हैं। छह मार्च से 30 जून तक प्रदेश में सिर्फ 23070 मरीज ही मिले थे।
राज्य में अभी तक लगभग 15 लाख लोगों की कोरोना जांच कराई जा चुकी है। अब कुल मरीजों का आंकड़ा 55 से ज्यादा पहुंच गया है। सबसे ज्यादा 2861 एक्टिव केस लखनऊ में हैं। दूसरे नंबर पर गाजियाबाद है। यहां 1232 एक्टिव केस हैं।

राजस्थान: राज्य में गुरुवार को कोरोना के 339 मामले सामने आए। जोधपुर में 105, अलवर में 92, जयपुर में 51, कोटा में 41, अजमेर में 30, बारां में 10, सवाई माधोपुर और बांसवाड़ा में 3-3, झुंझुनू, दौसा, गंगानगर और झालावाड़ में 1-1 संक्रमित मिला। वहीं, पाली में 2, जालौर, जोधपुर और नागौर में 1-1 की मौत हो गई। इसके साथ मौत का आंकड़ा 588 पर पहुंच गया है।

बिहार: राज्य में अब तक 4 लाख 9 हजार 88 सैंपल की जांच हुई है। 30066 लोग संक्रमित मिले हैं। इसके हिसाब से हर 13 में एक संक्रमित मिल रहा है। पिछले हफ्ते तक हर 16 सैंपल में एक पॉजिटिव मिल रहा था। यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। शुरुआत में हर 50 केस में एक केस पॉजिटिव मिल रहा था। पिछले सात दिनों की बात करें तो 71 हजार 876 सैंपल की जांच हुई और 10 हजार से ज्यादा केस मिले। यानी हर 7 सैंपल में एक संक्रमित मिल रहा है। पिछ्ले एक हफ्ते में बिहार में 49% मरीज बढ़े।
