- Hindi News
- Sports
- Cricket
- England Vs Pakistan 3rd Test 5th Day Live ENG Vs PAK Southampton Third Test Live Cricket Score Updates
11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

जेम्स एंडरसन सबसे कम 33717 बॉल पर 600 टेस्ट विकेट पूरे करने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बन गए हैं।
- अब तक मुरलीधरन, शेन वॉर्न और अनिल कुंबले 600 से ज्यादा विकेट ले चुके, यह तीनों स्पिन बॉलर हैं
- इंग्लैंड की पहली पारी 583/8 स्कोर पर घोषित, जैक क्राउली ने 267 और जोस बटलर ने 152 रन बनाए
- पाकिस्तान ने पहली पारी में 273 रन बनाए, मो. रिजवान ने 53 रन की पारी खेली, एंडरसन ने 5 विकेट लिए
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन टेस्ट की सीरीज का आखिरी मैच साउथैंप्टन के रोज बाउल स्टेडियम में खेला जा रहा है। पांचवें दिन का खेल बारिश के कारण 5 घंटे तक बाधित रहा। इसके बाद फॉलोऑन खेल रही पाकिस्तान टीम ने 4 विकेट गंवाकर 160 से ज्यादा रन बना लिए हैं। बाबर आजम क्रीज पर हैं। जेम्स एंडरसन ने पाकिस्तानी कप्तान अजहर अली (31) को आउट करते हुए टेस्ट करियर के 600 विकेट पूरे कर लिए हैं।
ऐसा करने वाले वे दुनिया के पहले तेज गेंदबाज और ओवरऑल चौथे बॉलर बन गए हैं। एंडरसन से पहले श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन (800), ऑस्ट्रेलियाई शेन वॉर्न (708) और भारत के अनिल कुंबले (619) आगे हैं। यह तीनों स्पिन बॉलर हैं।
खिलाड़ी | देश | बॉलिंग स्टाइल | टेस्ट | विकेट |
मुथैया मुरलीधरन | श्रीलंका | राइट हैंड ऑफ स्पिनर | 133 | 800 |
शेन वॉर्न | ऑस्ट्रेलिया | राइट हैंड लेग स्पिनर | 145 | 708 |
अनिल कुंबले | भारत | राइट हैंड लेग स्पिनर | 132 | 619 |
जेम्स एंडरसन | इंग्लैंड | राइड हैंड फास्ट | 156 | 600* |
पहली पारी में इंग्लैंड को 310 रन की बढ़त
इससे पहले पाकिस्तान पहली पारी में 273 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जबकि इंग्लैंड ने 8 विकेट पर 583 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इस लिहाज से इंग्लिश टीम को पहली पारी में 310 रन की बढ़त मिली थी।
आबिद 42 और बाबर 18 रन बनाकर आउट
पाकिस्तान की दूसरी पारी में शान मसूद 18 रन बनाकर सबसे पहले पवेलियन लौटे। उन्हें स्टुअर्ट ब्रॉड ने एलबीडब्ल्यू किया। इसके बाद आबिद अली भी 42 रन बनाकर आउट हो गए। आबिद को जेम्स एंडरसन ने एलबीडब्ल्यू किया।
एंडरसन सबसे कम बॉल पर 600 टेस्ट विकेट पूरे करने के मामले में दूसरे नंबर पर
बॉलर | बॉल |
मुथैया मुरलीधरन | 33711 |
जेम्स एंडरसन | 33717 |
शेन वॉर्न | 34919 |
अनिल कुंबले | 38496 |
एंडरसन ने ब्रैथवेट को 500वां और अजहर को 600वां शिकार बनाया
विकेट नंबर | किसको आउट किया | कब |
पहला | मार्क वेर्मुलेन (जिम्बाब्वे) | 2003 |
50वां | महेंद्र सिंह धोनी (भारत) | 2007 |
100वां | जैक कैलिस (दक्षिण अफ्रीका) | 2008 |
200वां | पीटर सिडल (ऑस्ट्रेलिया) | 2010 |
300वां | पीटर फुल्टन (न्यूजीलैंड) | 2013 |
400वां | मार्टिन गुप्टिल (न्यूजीलैंड) | 2015 |
500वां | क्रैग ब्रैथवेट (वेस्टइंडीज) | 2017 |
600वां | अजहर अली (पाकिस्तान) | 2020 |
पहली पारी में अजहर अली ने नाबाद 141 रन बनाए थे
पहली पारी में पाकिस्तान के लिए कप्तान अजहर अली ने 141 रन की नाबाद पारी खेली। यह उनके करियर का 17वां शतक है। साथ ही अजहर 6 हजार टेस्ट रन बनाने वाले 5वें पाकिस्तानी बल्लेबाज भी बन गए हैं। इनके अलावा मोहम्मद रिजवान ने 53 रन की पारी खेली। इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन ने 29वीं बार एक टेस्ट पारी में 5 विकेट लिए।
क्राउली ने करियर का पहला दोहरा शतक जड़ा
इंग्लैंड के लिए पहली पारी में जैक क्राउली ने सबसे ज्यादा 267 और जोस बटलर ने 152 रन की पारी खेली। क्राउली के टेस्ट करियर का यह पहला दोहरा शतक है। जबकि बटलर की दूसरी सेंचुरी है। वहीं, पाकिस्तान के लिए शाहिन अफरीदा, यासिर शाह और फवाद आलम ने 2-2 विकेट लिए।
अजहर 6 हजार रन बनाने वाले पांचवें पाकिस्तानी
अजहर अली ने टेस्ट करियर के 6 हजार रन पूरे कर लिए हैं। यह उपलब्धि हासिल करने वाले 5वें पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं। सबसे ज्यादा रन के मामले में यूनिस खान टॉप पर हैं। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 118 टेस्ट में 10099 रन बनाए हैं।
सबसे तेज 6 हजार रन पूरे करने के मामले में भी 5वें बल्लेबाज
सबसे तेज 6 हजार रन पूरे करने के मामले में मोहम्मद यूसुफ ने बाजी मारी है। उन्होंने यह उपलब्धि 120वीं पारी में हासिल की थी। वहीं, अजहर 151 पारी के साथ इस मामले में भी 5वें नंबर पर हैं।
खिलाड़ी | टेस्ट पारी | रन |
यूनिस खान | 213 | 10099 |
जावेद मियांदाद | 189 | 8832 |
इंजमाम उल हक | 198 | 8829 |
मोहम्मद यूसुफ | 156 | 7530 |
अजहर अली | 151 | 6026* |
इंग्लैंड सीरीज में 1-0 से आगे
फिलहाल, सीरीज में इंग्लैंड ने 1-0 की बढ़त बनाए रखी है। इंग्लिश टीम ने पहले मैच में पाकिस्तान को 3 विकेट से हराया था। वहीं, दूसरा मैच बारिश के कारण ड्रॉ हो गया था। इंग्लैंड यह तीसरा मैच जीतकर 2-0 से सीरीज जीतना चाहेगा, जबकि पाकिस्तान की कोशिश मैच जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर करने की रहेगी।
दोनों टीमें:
पाकिस्तान: अजहर अली (कप्तान), बाबर आजम (उपकप्तान), आबिद अली, शान मसूद, असद शफीक, फवाद आलम, मोहम्मद रिजवान, यासिर शाह, मोहम्मद अब्बास, शाहीन अफरीदी और नसीम शाह।
इंग्लैंड: रोरी बर्न्स, डॉम सिबली, जैक क्राउली, जो रूट(कप्तान), जोस बटलर, ओली पोप, क्रिस वोक्स, डॉम बेस, जोफ्रा आर्चर, स्टुअर्ट ब्रॉड, जेम्स एंडरसन।
0