- Hindi News
- National
- Mumbai Delhi Coronavirus News | Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today
नई दिल्लीएक मिनट पहले
- कॉपी लिंक

फोटो दिल्ली के राजौरी गार्डेन मेट्रो स्टेशन की है। बुधवार से यहां यलो लाइन के साथ ब्लू और पिंक लाइन पर चलने वाली मेट्रो ट्रेनें भी चलने लगीं। लोगों को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन कराने के लिए कई सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
- देश में संक्रमण के चलते अब तक 75 हजार 91 लोगों की हो चुकी है मौत
- अभी 9.20 लाख मरीजों का इलाज चल रहा, 34.66 लाख लोग ठीक हो चुके हैं
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 44 लाख 62 हजार 965 हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 95 हजार 529 नए संक्रमितों की पहचान हुई। अब तक एक दिन में मिले संक्रमितों का ये आंकड़ा सबसे ज्यादा है। इसके पहले 6 सितंबर को 91 हजार 723 नए मरीज मिले थे।
इस बीच, अच्छी खबर ये है कि भारत अब दुनिया का दूसरा देश हो गया है जहां सबसे ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। यहां अब तक 34 लाख 66 हजार 819 लोग ठीक हो चुके हैं। बुधवार को 70 हजार 792 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। रिकवरी के मामले में ब्राजील अब तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। यहां अब तक 34 लाख 5 हजार लोग ठीक हुए हैं। इस बीच, देश में एक्टिव केस की संख्या भी 9 लाख के पार हो गई। मतलब देश में अभी 9 लाख 20 हजार 453 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। 75 हजार 91 मरीजों की संक्रमण के चलते अब तक मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।
दिल्ली में मरीजों का आंकड़ा 2 लाख के पार
देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार को रिकॉर्ड 4 हजार 39 नए मरीजों की पहचान हुई। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा दो लाख के पार हो गया। अब तक 2 लाख 1 हजार 174 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 1 लाख 72 हजार 763 लोग ठीक भी हो चुके हैं। 4 हजार 638 मरीजों की मौत हो चुकी है।

कोरोना अपडेट्स
- 171 दिन बाद दिल्ली और नोएडा (ब्लू लाइन) के बीच बुधवार सुबह मेट्रो टेन शुरू हो गई। इसके अलावा, पिंक लाइन पर भी मेट्रो दौड़ने लगी है। इससे पहले 7 सितंबर को यलो लाइन पर यह सर्विस शुरू की गई थी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया कि इन लाइन पर सुबह 7 से 11 बजे और शाम 4 से 8 बजे के बीच मेट्रो चलाई जा रही है। डीएमआरसी ने बताया कि बुधवार को इन तीनों लाइन पर 33 हजार 300 यात्रियों ने मेट्रो का सफर किया।
- दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने राज्य में फिर से लॉकडाउन लगाने की संभावनाओं को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को बंद नहीं किया जा सकता है। लाखों लोगों के रोजी-रोटी का सवाल है। संक्रमण से डरने की जरूरत नहीं है। बस खुद से सावधानी रखें।
- पंजाब सरकार ने लॉकडाउन में छूट देने का फैसला लिया है। इसके मुताबिक अब राज्य में शनिवार को सारी दुकानें, बाजार खुल सकेंगी। केवल रविवार को बंदी रहेगी। इसके अलावा रात 9:30 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लगा रहेगा। इस दौरान लोग बेवजह घरों से नहीं निकल सकेंगे।
- दिल्ली में विधानसभा सत्र 14 सितंबर को आयोजित होगा। विधानसभा के सचिव ने बताया कि इस बार का सत्र केवल एक दिन का होगा। इसमें कोरोना की गाइडलाइन को फॉलो किया जाएगा। सभी सदस्यों के लिए फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग अनिवार्य है।
- हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुरेखा चोपड़ा ने जिले में संक्रमण के कम्युनिटी ट्रांसमिशन की बात मानी है। उन्होंने कहा कि आंकड़ों से मालूम चलता है कि शिमला में कम्युनिटी प्रसार हुआ है। अब ये पता लगाना मुश्किल हो गया है कि मरीज किसके संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है।
- राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार से शुरू होने वाली सभी बैठकों को एक महीने के लिए टाल दिया है। मुख्यमंत्री आवास और कार्यालय में लगभग 40 कर्मचारी संक्रमित पाए गए। इनमें मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे कर्मचारी भी शामिल हैं। गहलोत ने कहा, “डॉक्टरों की सलाह पर मैंने अगले एक महीने तक किसी से नहीं मिलने का फैसला किया है। हालांकि, मैं सुशासन पर चर्चा करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाग लूंगा।”

5 राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य सरकार ने कोरोना की घर-घर जाकर जांच बंद कर दी है। अब जो व्यक्ति फीवर क्लीनिक या कोविड के लिए अधिकृत हॉस्पिटल में सैंपल देकर टेस्ट कराना चाहेगा, उसे फीस नहीं देनी होगी। केंद्र की आयुष्मान योजना के तहत जिन अस्पतालों में इलाज हो रहा है, वहां पैसा नहीं लगेगा। जहां आयुष्मान लागू नहीं है, वहां मरीजों को बिल दिया जाएगा। वहीं राजधानी में अब निजी अस्पताल और नर्सिंग होम कोरोना का इलाज कर सकेंगे। मरीज को स्वयं के खर्च पर इलाज करवाना होगा।
उधर, कलेक्टर अविनाश लवानिया ने कहा कि निजी अस्पताल कोरोना वार्ड बना सकते हैं। उन्हें कोविड-19 में जारी गाइडलाइन का पालन करना होगा। उधर, भोपाल में 242 नए संक्रमित मिलने के साथ ही कोरोना मरीजों का कुल आंकड़ा 13082 हो गया है। इनमें 6052 मरीज न तो किसी संक्रमित के संपर्क में आए और न ही इनकी कोई कॉन्टैक्ट हिस्ट्री है।

2. राजस्थान
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अगले एक महीने तक के अपने सभी प्रोग्राम स्थगित कर दिए हैं। इस दौरान वे किसी से मुलाकात भी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग और हेल्थ प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है।
उधर, जयपुर में मंगलवार को अब तक के सबसे ज्यादा 325 पॉजिटिव मिले हैं। एक की मौत हुई। यहां 13 हजार 361 केस सामने आ चुके हैं। 290 लोगों की जानें जा चुकी हैं। एक्टिव केस 4671 हैं।

3. बिहार
देश में सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट बिहार में हो रहे हैं। मंगलवार को 1 लाख 52 हजार 671 लोगों की जांच हुई। राज्य में अब तक 43.3 लाख से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं। अच्छी बात रही कि दूसरे राज्यों की तुलना में यहां मरीजों की संख्या में गिरावट आई है।

4. महाराष्ट्र
राज्य में मंगलवार को 48 हजार से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए। इनमें से 20 हजार 131 टेस्ट पॉजिटिव आए। इसके साथ, राज्य में अब तक 49.7 लाख सैंपल की जांच की जा चुकी है। यहां पॉजिटिविटी रेट 20% के करीब पहुंच गया है। इसके साथ महाराष्ट्र में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 9 लाख 43 हजार 772 हो गए हैं। अब तक 27 हजार 407 लोगों की मौत हो चुकी है।

5. उत्तरप्रदेश
राज्य में मंगलवार को 73 लोगों की कोरोना से मौत हुई। इसके साथ अब तक 4047 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। उधर, राज्य में जांच भी बढ़ा दी हैं। पिछले 24 घंटे में 1.40 लाख लोगों के सैंपल की जांच की गई। इसके साथ राज्य में 67.7 लाख कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

0