- दुनिया में अब तक 4 लाख 745 हजार 909 लोगों की मौत, जबकि 49.86 लाख ठीक हुए
- अमेरिका में 24 लाख से ज्यादा संक्रमित, 1 लाख 22 हजार 859 लोगों की मौत हुई
दैनिक भास्कर
Jun 24, 2020, 02:44 AM IST
वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 92 लाख 55 हजार 730 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 49 लाख 86 हजार 516 लोग स्वस्थ हुए हैं। वहीं, 4 लाख 75 हजार 909 लोगों की मौत हो चुकी है। महामारी को कई बार मामूली फ्लू करार देने वाले ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को कानून ने आईना दिखाया। यहां के एक जज ने कहा- राष्ट्रपति भी कानून के दायरे में आते हैं। उन्हें भी मास्क जरूर पहनना चाहिए। बता दें कि हाल के दिनों में यह दूसरा मौका है जब राष्ट्रपति को कोर्ट ने फटकार लगाई है। इसके पहले सरकार ने आंकड़े छिपाए थे तब कोर्ट ने इन्हें जारी करने को कहा था।
ब्रिटेन में 4 जुलाई से अनलॉक-2 शुरू होगा। तीन महीने बाद सिनेमा हॉल, म्यूजियम, पब, रेस्टोरेंट खुलेंगे। सोशल डिस्टेंसिंग का नियम 2 मीटर के बजाय एक मीटर होगा। कुछ स्थानों पर अनिवार्यता नहीं रहेगी। नाइट क्लब, स्विमिंग पूल और स्पा बंद ही रहेंगे।
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 24,00,257 | 1,22,859 | 10,03,728 |
ब्राजील | 11,11,348 | 51,407 | 5,79,226 |
रूस | 5,92,280 | 8,206 | 3,44,416 |
भारत | 4,55,805 | 14,483 | 2,58,523 |
ब्रिटेन | 3,05,289 | 42,647 | उपलब्ध नहीं |
स्पेन | 2,93,584 | 28,324 | उपलब्ध नहीं |
पेरू | 2,57,447 | 8,223 | 1,45,320 |
चिली | 246,963 | 4,502 | 2,05,397 |
इटली | 2,38,720 | 34,657 | 1,83,426 |
ईरान | 2,07,525 | 9,742 | 1,66,427 |
10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
ब्राजील : मास्क पहनें राष्ट्रपति
रियो डि जेनेरियो में एक मामले की सुनवाई करते हुए फेडरल जज ने कहा- राष्ट्रपति कानून से ऊपर नहीं हैं। उन्हें नियम और कानून का सम्मान करना चाहिए। वो मास्क जरूर पहनें। देश में 50 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद राष्ट्रपति बहुत कम मास्क पहने दिखे। सरकार मास्क न पहनने पर जुर्माना भी लगा रही है। मास्क अप्रैल के आखिर में अनिवार्य किया गया था। लेकिन, देश के ज्यादातर हिस्सों में इसका पालन नहीं किया गया।
रूस: बोट परेड के साथ अनलॉक हुआ मॉस्को
मॉस्को में तीन माह बाद छूट दी गई। इस मौके पर मोस्कावा नदी में बोट परेड निकाली गई। मार्च के बाद यह पहला बड़ा इवेंट रहा। रूस 24 जून को विक्ट्री डे परेड का आयोजन करने जा रहा है। इससे पहले परेड से यह संदेश दिया कि कोरोना के कारण जारी सख्ती में ढील देने के उपाय किए जा रहे हैं। 5.99 लाख मरीजों के साथ रूस तीसरा सबसे कोरोना प्रभावित देश है।
फ्रांस: म्यूजियम खुले, पर्यटकों की भीड़
फ्रांस के पर्यटन स्थल धीरे-धीरे अनलॉक हो रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार से देश भर के म्यूजियम खोल दिए गए हैं। इसके बाद इन स्थानों पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है। मंगलवार को मुसी डी ओरसे म्यूजियम सैलानियों के लिए खोल दिया गया। यहां मास्क अनिवार्य किया गया है।
द.अफ्रीका: 1 लाख से ज्यादा केस
अफ्रीका महाद्वीप में सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले दक्षिण अफ्रीका में हो गए हैं। यहां 1.01 लाख केस की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 1991 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, यहां 53 हजार 444 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में 13 लाख 53 हजार से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।

न्यूयॉर्क सिटी: प्रतिबंधों में ढील
न्यूयॉर्क सिटी को दो फेज में खोलना शुरू कर दिया गया है। लोग अब बाहर खा सकेंगे। वहीं, रेस्टोरेंट और सलून 50% क्षमता के साथ खोल दिए गए हैं। देश में सबसे ज्यादा ज्यादा संक्रमण के मामले यहीं है। शहर में अब तक संक्रमण के 4.11 लाख मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 31 हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।

ब्राजील: संक्रमितों की संख्या 11 लाख के पार
ब्राजील में संक्रमितों की संख्या 11 लाख के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में 24 घंटे के दौरान 21,432 नए मामले दर्ज किए गए हैं। देश में संक्रमितों की संख्या 11.11 लाख हो गई है। वहीं, अब तक 5 लाख 71 हजार 649 लोग महामारी से ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक दिन में 654 लोगों की जान गई है। यहां मरने वालों की संख्या 51 हजार से ज्यादा हो चुकी है। संक्रमण से होने वाली मृत्यु की दर 4.6% है।
चीन: 22 नए मरीज
चीन में कोरोनावायरस के 22 नए मामले दर्ज किए गए हैं। नेशनल हेल्थ कमीशन ने मंगलवार को बताया कि संक्रमित मिले मरीजों में 13 मामले घरेलू संक्रमण के हैं। नौ विदेशी लोगों से जुड़े हैं। आयोग के अनुसार सभी घरेलू संक्रमण के मामले बीजिंग में दर्ज किए गए हैं। सोमवार को देश में एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है।

तुर्की: मास्क नहीं पहनने पर जुर्माना
तुर्की में पब्लिक प्लेस पर मास्क नहीं पहनने पर 900 लीरा (9985 रु.) तक का जुर्माना लगेगा। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने सोमवार को बताया कि नए मामलों में इजाफा के बाद यह नियम लाया गया है। तुर्की के स्वास्थ्य मंत्री फरहान कोजा ने सोमवार को बताया कि देश में 24 घंटे में 1212 मामले सामने आए हैं। वहीं. 24 से ज्यादा मौतें हुई हैं। यहां संक्रमितों की संख्या 1.88 लाख से ज्यादा है।
मिस्र: संक्रमितों की संख्या 56,809
मिस्र में 24 घंटे में कोरोना के 1576 नए मामले दर्ज किए गए हैं। संक्रमितों की संख्या बढ़कर 56,809 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता खालेद मेगाहेद ने बताया कि देश में 24 घंटे में 85 और लोगों की मौत हो गई है। यहां मरने वालों की संख्या की 2278 हो गई है। वहीं, 397 मरीज पूरी तरह से ठीक हुए हैं। अब देश में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 15,133 हो गई है।