पांडुआ। जिले के पांडुआ थाना अंतर्गत बैलून धामासीन ग्राम पंचायत के बैलून ग्राम में गुरुवार को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।दोनों पक्षों में जमके मारपीट और ईट पत्थर भी बरसाए गए। इस घटना में करीब 12 से अधिक लोग घायल हो गए जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। वही घटना के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के नेता एक-दूसरे पर आरोप और प्रत्यारोप कर रहे हैं।
भाजपा के स्थानीय नेता तुषार ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने अम्फन पीड़ितों की एक नकली सूची गांव के दीवारों पर चिपका दी थी जिसका विरोध भाजपा ने किया था। गुरुवार दोपहर स्थानीय तृणमूल नेता असित चक्रवर्ती के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने एक रैली निकाली और इलाके के भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया। इस घटना में तकरीबन छह से अधिक भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं। एक भाजपा कार्यकर्ता की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता असित चक्रवर्ती ने आरोप लगाया की हाल ही में भाजपा के पंचायत सदस्य ने ग्राम पंचायत में अम्फन पीड़ितों की सूची सौंपी थी जिसमें नौ ऐसे लोग थे जिनका दो मंजिला मकान है। यह सूची तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने गांव के लोगों के सामने रख दी। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुछ तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घर में जाकर बुधवार को काफी बवाल किया था।
इसके बाद तृणमूल कांग्रेस की ओर से गुरुवार को एक रैली निकाली गई थी। रैली के दौरान मनरेगा श्रमिकों को भड़का कर भाजपा ने हमला करवा दिया। तृणमूल कांग्रेस के कुल छह कार्यकर्ता इस हमले में घायल हैं, दो की हालत गंभीर है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से मामले की शिकायत दर्ज की गई है पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक इलाके में तनाव था।
यह खबर भी पढ़े: पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों की हत्या कर शवों को मोटरसाइकिल सहित जलाया
यह खबर भी पढ़े: राजीव गांधी फाउंडेशन को चीनी दूतावास ने क्यों दिया चंदाः रविशंकर प्रसाद