नई दिल्ली। गोविंदपुरी इलाके में एक महिला की मौत के बाद से फरार चल रहे मां-बेटे को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मां कुमकुम गुप्ता और बेटे कुणाल गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों जुलाई 2016 से फरार थे। पहले अदालत ने दोनों का गैर जमानती वारंट निकाला था। इसके बाद दोनों को भगोड़ा घोषित कर इनकी गिरफ्तारी पर 20-20 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 23 जुलाई 2016 को पहली मंजिल गोविंदपुरी इलाके से एक महिला व उसके पति के जलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला अर्चना गुप्ता (31) और उसके पति ललित गुप्ता को अस्पताल ले जाया जा चुका था। महिला ने अपने बयान में बताया कि उसने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद ही आग लगाई है। दरअस्ल उसकी ससुराल वाले उसे परेशान करते थे। बचाने के चक्कर में उसका पति भी झुलस गया था। बाद में महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने महिला के बयान पर मामला दर्ज कर उसके सास-ससुर, दो जेठ को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन उसकी जेठानी कुमकुम और उसका बेटा कुणाल गुप्ता फरार हो गए।
लोकल पुलिस के काफी तलाश करने के बाद भी आरोपियों का नहीं पता चला। अपराध शाखा ने मामले की जांच शुरू कर दी। इस बीच बुधवार को इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और एसआई अरुण सिंधु की टीम को सूचना मिली कि आरोपी गोविंदपुरी इलाके में ही छिपकर रह रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस की टीम ने छापेमारी कर आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
यह खबर भी पढ़े: चक्रवाती तूफान ‘निवार’ को देख वाराणसी से चेन्नई के दो विमानों की उड़ान रद्द