khaskhabar.com : गुरुवार, 20 अगस्त 2020 11:21 PM
पटना| बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले ही विपक्षी दल के महागठबंधन को जोरदार झटका लगा है। महागठबंधन के प्रमुख घटक दल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) ने गुरुवार को महागठबंधन से नाता तोड़ लिया। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के एक बार फिर राजग में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी (हम) की गुरुवार को यहां महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें पार्टी की कोर कमिटि और वरिष्ठ सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में सर्वसम्मति से महागठबंधन से नाता तोड़ने का निर्णय लिया गया।
विधान पार्षद संतोष सुमन ने कहा कि महागठबंधन के लोगों की सोच थी, “कि इन लोगों में क्षमता नहीं है और ये कुछ नहीं कर सकते। हमलोग गठबंधन में थे लेकिन किसी से बात तक नहीं होती थी। “
उन्होंने आगे कहा कि, ” बिहार के विकास की और गरीबों के हित की बात नहीं थी, इसलिए हमने सोचा कि हम लोगों को अलग होकर गरीबों की लड़ाई लड़नी है। इसके लिए आगे की रणनीति तय करेंगे। “
आगे किस पार्टी के साथ जाने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “अभी ये तय नहीं हुआ है कि हम कहां जाएंगे। राजनीति है अपार संभावनाएं हैं।
बैठक के बाद पार्टी के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने पत्रकारों को बताया कि भविष्य में पार्टी किस गठबंधन या किस पार्टी के साथ जाएगी, इसका निर्णय पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी पर छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग गठबंधन के नेताओं की बात नहीं सुनते, वह सत्ता में आने के बाद जनता की भी नहीं सुनेंगे।
उल्लेखनीय है कि हम महागठबंधन में रहते हुए लगातार समन्वय समिति बनाने की मांग उठाते रहे हैं।
इधर, इस बात की संभावना जताई जा रही है कि मांझी की पार्टी जल्द ही राजग में शामिल हो सकती है।
मांझी के महागठबंधन से अलग होने को गठबंधन के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि राजद, कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी और हम के गठबंधन में मांझी लगातार समन्वय समिति बनाने की मांग करते रहे थे। मांझी ने चेतावनी दी थी अगर समिति बनाने को लेकर जल्द कोई फैसला नहीं लिया गया तो वे महागठंधन छोड़कर अलग रास्ता अख्तियार कर सकते हैं।
गौरतलब है कि मांझी 2018 में राजग को छोडकर महागठबंधन में शामिल हुए थे।
–आईएएनएस
ये भी पढ़ें – अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
यह भी पढ़े
Web Title-Bihar: Former Chief Minister Manjhi breaks ties with grand alliance, can meet with NDA