फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के गांव करनेरा की बालाजी कॉलोनी में घरेलू कलह में एक व्यक्ति ने लात-घूंसों से पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसकी पहचान यहां रहने वाले संजय साहनी के रूप में हुई है। आरोपित मूलरूप से सीतामढ़ी बिहार का निवासी है। परिवार में पत्नी के अलावा चार बच्चे हैं। वह यहां राजमिस्त्री का काम करता है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी मिटू देवी बुधवार को ही गांव से आई थी। वह दो बच्चों को गांव में छोड़ आई।
बुधवार रात खाना खाकर दंपती छत पर सोए थे, बच्चे नीचे कमरे में थे। किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। संजय साहनी ने गुस्से में पत्नी को लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। इससे उसकी मौत हो गई। रात भर वह छत पर बैठकर बचने का रास्ता सोचता रहा। सुबह बच्चे छत पर गए तो मिटू देवी को मृत अवस्था में पाया। बच्चों ने इस संबंध में पड़ोसियों को सूचना दी। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपित संजय साहनी फरार होने की फिराक में था। पुलिस ने उसे वहीं दबोच लिया।
पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित शराब पीने का आदी है। शराब पीकर वह रोजाना पत्नी के साथ झगड़ा करता था।
यह खबर भी पढ़े: प्रधानमंत्री ‘21वीं सदी में स्कूली शिक्षा’ पर सभा को संबोधित करेंगे
यह खबर भी पढ़े: उम्मीद है राफेल, मिराज 2000 का सर्विस रिकॉर्ड तोड़ देगा : धोनी