- Hindi News
- National
- Mumbai Delhi Coronavirus News | Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today
नई दिल्ली4 घंटे पहले

यह फोटो कोलकाता के एनआरएस मेडिकल कॉलेज की है। शनिवार को यहां कोरोना से ठीक हुआ एक मरीज प्लाज्मा डोनेट करने पहुंचा।
- देश में अभी 10.09 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है, 8 हजार से ज्यादा की हालत गंभीर
- 24 घटे में 1079 मरीजों की मौत हो गई, मरने वालों की संख्या 86 हजार 704 हो चुकी है
देश में लगातार दूसरे दिन ठीक होने वाले मरीजों की संख्या संक्रमितों से ज्यादा रही। 24 घंटे में 86,989 मरीज मिले, जबकि 90,606 ठीक हुए। इसके साथ ही मरीजों का आंकड़ा 53 लाख 92 हजार 645 हो गया है। इनमें 42 लाख 95 हजार 946 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 लाख 9 हजार 238 का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 86 हजार 704 लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
एक दिन पहले शुक्रवार को भी देश में 92,969 मरीज मिले थे, जबकि 95,512 लोग ठीक हुए थे। इस बीच, कोरोना वैक्सीन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ऑक्सफोर्ड वैक्सीन का फेज-3 ट्रायल अगले हफ्ते सोमवार से पुणे में शुरू हो जाएगा। इसके लिए 150 से 200 वालंटियर्स डोज लेने के लिए तैयार हैं।

बैंकों के कर्मचारियों को मुंबई की सबअर्बन ट्रेनों में यात्रा की इजाजत
रेलवे ने शनिवार को कहा कि कोऑपरेटिव और प्राइवेट बैंकों के 10% कर्मचारियों को मुंबई की सबअर्बन ट्रेनों में यात्रा करने की इजाजत दी जाएगी। कोरोना महामारी के चलते सबअर्बन ट्रेनों में यात्रा करने पर प्रतिबंध था। नेशनलाइज्ड बैंकों के कर्मचारियों को पहले से ही ट्रेनों में यात्रा करने की इजाजत है।
छग के पूर्व सीएम रमन सिंह संक्रमित, कहा- संपर्क में आए लोग टेस्ट कराएं
वहीं, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने बताया कि मैंने कोरोना के शुरुआती लक्षण नजर आने पर टेस्ट कराया था, जिसमें मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरा निवेदन है कि विगत दिनों जो भी लोग मेरे संपर्क में आये हैं वह आइसोलेशन में रहें एवं अपना कोविड-19 टेस्ट जरूर कराएं।
पंजाब में 21 सितंबर से कुल जाएंगे हायर एजुकेशनल इंस्टीट्यूट
उधर, अनलॉक 4.0 की गाइडलाइन में मिली छूट के तहत पंजाब सरकार ने 21 सितंबर से राज्य में हायर एजुकेशनल इंस्टीट्यूट खोलने का फैसला लिया है। राज्य सरकार के मुताबिक इंस्टीट्यूट जहां पीएचडी, पीजी टेक्निकल या प्रोफेशनल कोर्स चलते हैं वो सब खुलेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्रालय के नियमों का पालन करना होगा।
श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में 97 मजदूरों ने दम तोड़ा
केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में बताया कि लॉकडाउन के दौरान चलाई गई श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में 97 प्रवासी मजदूरों की सफर के दौरान मौत हुई। गोयल ने कहा कि ये आंकड़े राज्य सरकारों की ओर से मिले हैं।
शुक्रवार से संक्रमितों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी
देश में शुक्रवार को 92 हजार 969 कोरोना संक्रमित मिले। जबकि 95 हजार 512 ठीक भी हो गए। इस महामारी को देश में आए 232 दिन हो चुके हैं। तब से अब तक ऐसा छह बार ही हुआ है, जब एक दिन में जितने नए संक्रमित मिले हों उनसे ज्यादा ठीक हो गए। सबसे पहली बार ऐसा 14 फरवरी को हुआ, जब केरल में मिले तीन संक्रमित ठीक हो गए थे, लेकिन उस दिन नया केस नहीं आया था।
कोरोना अपडेट्स…
- संसद में मानसूत्र के छठवें दिन शनिवार को राज्यसभा में महामारी रोग संशोधन विधेयक, 2020 पारित किया गया। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि स्वास्थ्य पेशेवरों के खिलाफ अपराधों को रोकने के लिए बिल की जरूरत थी।
- विधेयक में महामारी के दौरान देश में डॉक्टर्स, नर्स, आशा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा, जबकि हमला करने वालों के लिए सजा का प्रावधान है। 123 साल पुराने कानून में केंद्र सरकार ने बदलाव किया है।
- दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शनिवार काे कहा कि जिस तरह कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि राजधानी दिल्ली में सामुदायिक संक्रमण हाे रहा है। उन्हाेंने यह भी दावा किया कि देश के कई हिस्सों में भी सामुदायिक संक्रमण हो रहा है। केंद्र सरकार काे कोरोना का कम्युनिटी स्प्रेड स्वीकार करना चाहिए। इसे लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और आईसीएमआर ही सही बता सकता है।
- उत्तराखंड विधानसभा में नेता विपक्ष इंदिरा हृदेश की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने यह जानकारी दी।
- कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री सीएन ॲश्वथ नारायण कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। 21 सितंबर से राज्य में विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होना है।
- कांग्रेस सांसद के सुरेश ने कोरोना से जान गंवाने वालों के परिजन के लिए मुआवजे की मांग की है। इसके लिए लोकसभा में उन्होंने नोटिस दिया है।
- दिल्ली हाईकोर्ट ने यहां के प्राइवेट और सरकारी स्कूलों को आदेश दिया है कि वे उनके यहां पढ़ने वाले गरीब बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए गैजेट्स और इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध कराएं।
- दिल्ली सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों को 5 अक्टूबर तक बंद रखने का फैसला लिया है। तब तक ऑनलाइन क्लासेज, टीचिंग लर्निंग एक्टिविटी जारी रहेंगी।
- केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर कोविड के मामलों के लिए मॉनिटरिंग टीम बनाने, मेडिकल ऑक्सीजन के मूवमेंट और उसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।

पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
शनिवार को 2607 केस मिले। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 1 लाख 3 हजार 65 हो गई है।राज्य में केस के दोगुना होने की दर बढ़ गई है। अब 42 दिन में दोगुने मरीज मिल रहे हैं। सितंबर के 18 दिनों में भोपाल में 5000 से ज्यादा केस आए हैं।

2. राजस्थान
शनिवार को रिकॉर्ड 1834 संक्रमित मिले। अब यहां 1 लाख 13 हजार 124 केस हो गए हैं। 93 हजार 805 ठीक हो चुके हैं। 1943 की मौत हो चुकी है। राज्य सरकार ने अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमितों से परिवार को मिलने की इजाजत दे दी है। हालांकि, मरीज से मिलने वाले को पीपीई किट, ग्लव्स और फेस मास्क पहनना होगा।

3. बिहार
शनिवार को 1616 नए मरीज मिले और 1556 ठीक हो गए। दो संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। राज्य में अब तक 1 लाख 66 हजार 987 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 1 लाख 52 हजार 956 ठीक हो चुके हैं, जबकि 861 की मौत हो चुकी है। 13 हजार 169 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

4. महाराष्ट्र
शनिवार को 20 हजार 519 केस आए। यहां अब तक 11 लाख 88 हजार 15 केस आ चुके हैं। 8 लाख 57 हजार 933 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। 2 लाख 97 हजार 480 का इलाज चल रहा है, जबकि 32 हजार 216 की मौत हो चुकी है।

5. उत्तरप्रदेश
शनिवार को 5729 संक्रमित मिले, जबकि 6596 ठीक हो गए। राज्य में 3 लाख 48 हजार 517 केस आ चुके हैं। 2 लाख 76 हजार 690 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4953 की मौत हो चुकी है। अभी 66 हजार 874 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
