- Hindi News
- National
- Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today 22 September Mumbai Delhi Coronavirus News
नई दिल्ली11 मिनट पहले

मुंबई के काजू पाडा में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग करते हेल्थ वर्कर्स। महाराष्ट्र में 13 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं।
- देश में संक्रमण से ठीक होने वालों का आंकड़ा 50 लाख के पार हो गया, भारत इकलौता देश जहां इतने मरीज ठीक हो चुके हैं
- देश में कोरोना संक्रमितों का रिकवरी रेट 82.74% हो गया है, यानी अब हर 100 मरीजों में 82 लोग ठीक हो रहे
महाराष्ट्र में अक्टूबर के पहले हफ्ते से रेस्टोरेंट खुल जाएंगे। यह जानकारी महाराष्ट्र टूरिज्म डिपार्टमेंट की प्रिंसिपल सेक्रेटरी वाल्सा आर. नायर ने दी। उन्होंने बताया कि इसके लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर (एसओपी) तैयार किया जा रहा है। इससे पहले, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रेस्टोरेंट एसोसिएशन के साथ सोमवार को बैठक की और रेस्टोरेंट खोले जाने का आश्वासन दिया।
जानकारी के मुताबिक, होटलों में दो टेबल के बीच 6 फीट की दूरी बनाए रखने के लिए कहा जा सकता है। महाराष्ट्र सरकार अगले महीने भी लॉकडाउन बढ़ा सकती है। देश में अब तक 60.87 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, 95,678 लोगों की मौत हो चुकी है।
भारत दुनिया का इकलौता देश, जहां 50 लाख मरीज ठीक हुए
देश में कोरोना संक्रमण को लेकर अच्छी और बुरी खबरें सामने आई हैं। अच्छी बात यह कि देश में संक्रमण से ठीक होने वालों का आंकड़ा रविवार को 50 लाख के पार कर गया। भारत दुनिया का इकलौता देश है, जहां इतने ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। देश का रिकवरी रेट 82.74% हो चुका है। मतलब अब हर 100 मरीजों में 82 लोग ठीक हो रहे हैं।

बुरी खबर यह कि देश में पिछले 27 दिनों से एक हजार से ज्यादा मौतें हो रही हैं। 31 दिसंबर को 816 मरीजों ने दम तोड़ा था। इसके बाद एक से 27 सितंबर तक एक भी दिन ऐसा नहीं रहा, जब मौतें एक हजार से कम हुई हों। हालात ऐसे हैं कि रोजाना औसतन 1066 लोग की जान जा रही है।
यह दुनिया के सबसे संक्रमित देश अमेरिका (895) और ब्राजील (826) के रोजाना के एवरेज से ज्यादा है। देश में अब तक 60 लाख 73 हजार 348 केस हो चुके हैं। रविवार को 74 हजार 679 मरीज ठीक भी हुए। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

भाजपा के नए राष्ट्रीय सचिव के खिलाफ केस दर्ज
भाजपा के नए राष्ट्रीय सचिव अनुपम हाजरा ने कहा है कि अगर ममता बनर्जी कोरोना से संक्रमित होती हैं तो वो उन्हें गले से लगा लेंगे और उन्हें कोविड से प्रभावित परिवारों के दर्द का अहसास करवाएंगे। इस बयान के बाद उनके खिलाफ तृणमूल कांग्रेस ने सिलिगुड़ी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

कोरोना अपडेट्स
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को अपने आंकड़े जारी किए। पिछले 24 घंटे में 82 हजार 170 मरीज बढ़े और 1039 लोगों की जान चली गई। इसके साथ देश में संक्रमितों को आंकड़ा 60 लाख 74 हजार 703 हो गया है। इनमें 9 लाख 62 हजार 640 एक्टिव मरीज हैं। वहीं, 50 लाख 16 हजार 521 लोग स्वस्थ हो गए हैं। उधर, देश में अब तक 95 हजार 542 लोगों की मौत हो चुकी है।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक, रविवार को 7 लाख 9 हजार 394 लोगों का टेस्ट किया गया। इस तरह देश में अब तक 7 करोड़ 19 लाख 67 हजार 230 सैंपल की जांच की जा चुकी है।
पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में रविवार को 2310 मरीज मिले। वहीं, राजधानी में 262 पॉजिटिव मिले। इस बीच, राजधानी में इलाज के लिए जल्द ही प्राइवेट डॉक्टर्स एक कॉल पर उपलब्ध हो सकेंगे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की भोपाल शाखा यह सेवा शुरू कर रही है। इन्हें घर बुलाने के लिए 0755-2704201 या 1075 पर कॉल करना होगा। हर विजिट पर डॉक्टर 750 रु. परामर्श शुल्क लेंगे टेली कांफ्रेंसिंग से ही परामर्श दिया जा रहा है।

2. राजस्थान
राज्य में पिछले 7 दिन में 11978 नए संक्रमित सामने आए, लेकिन इसी दौरान 10434 ठीक भी हो गए। 21 सितंबर तक कुल रोगी 1,16,881 थे, जो 27 सितंबर तक बढ़कर 1,28,859 तक पहुंच गए। वहीं, ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 21 सितंबर तक 97,284 थी, जो 27 सितंबर तक 1,07,718 हो गई। यानी पिछले 7 दिनों में प्रदेश का रिकवरी रेट 87.10% रहा।

3.बिहार
राज्य में सोमवार से प्राइवेट और सरकारी स्कूल खुल गए हैं। 9वीं से 12वीं के बच्चों के लिए डाउट क्लास होना है। लेकिन, अधिकतर प्राइवेट स्कूल अभी नहीं खुलेंगे। स्कूल प्रशासन की मानें तो बहुत कम अभिभावक बच्चों को भेजने के लिए तैयार हैं। 25 से 90 प्रतिशत तक अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजना नहीं चाहते। इसका सबसे बड़ा कारण ट्रांसपोर्टेशन की समस्या है।

4. महाराष्ट्र
राज्य में रविवार को 18 हजार 56 लोग संक्रमित पाए गए, 380 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई। 13 हजार 565 लोग ठीक होकर अपने घर गए। अब तक 13 लाख 39 हजार 232 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10 लाख 30 हजार 15 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 35 हजार 571 मरीजों की मौत हो चुकी है। 2 लाख 73 हजार 228 मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है।

5. उत्तरप्रदेश
पिछले 24 घंटों में 4,403 नए मामले सामने आए, जबकि 5,656 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। संक्रमण के चलते अब तक 5,594 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक राज्य में 3 लाख 87 हजार 85 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 25 हजार 888 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट अब बढ़कर 84.19 प्रतिशत हो गया है।
