- Hindi News
- Local
- Bihar
- Bihar Election 2020 Update; BJP To Chiraj Paswan LJP Party, Says Don’t Use Pictures Of Narendra Modi And Amit Shah Names On Vidhan Sabha Chunav
पटना2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

चाणक्य होटल स्थित भाजपा के मीडिया सेंटर में बोलते संजय जायसवाल।
- नीतीश के साथ हुए बैठक के बाद संजय जायसवाल ने मीडिया से बात की और सिर्फ दो लाइन ही बोल पाए
- कहा- एनडीए गठबंधन में वही रहेंगे जो बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व को स्वीकार करते हैं
लोजपा से अंदरूनी गठजोड़ की चर्चाओं के बीच जदयू नेता नीतीश कुमार की सख्ती के चलते मंगलवार को भाजपा बचाव की मुद्रा में दिखाई दी। पहले भाजपा ने लोजपा को सख्त लहजे में कहा कि बिहार चुनाव में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नाम का इस्तेमाल न करे। प्रचार के दौरान पोस्टरों और बैनरों में उनकी तस्वीरें भी न लगाएं।
बात इतने से भी नहीं बनी तो भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस, भूपेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। यहां भाजपा नेताओं की बैठक नीतीश कुमार के साथ हुई। बैठक से निकलने के बाद संजय जायसवाल ने मीडिया से बात की और सिर्फ दो लाइन ही बोल पाए।
उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए के नेता नीतीश कुमार हैं। बिहार के गठबंधन में सारी बातें नीतीश कुमार के नेतृत्व में हो रही हैं। नीतीश कुमार के नेतृत्व को बिहार में भाजपा पूरे तौर पर स्वीकार करती है। एनडीए गठबंधन में वही रहेंगे जो बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व को स्वीकार करते हैं। नीतीश को मुख्यमंत्री बनाने के लिए भाजपा पूरे तौर पर प्रयास करेगी। नीतीश कुमार तीन चौथाई से अधिक बहुमत के साथ फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे।
44 सेकंड में 5 बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नीतीश में जताई आस्था
दोपहर 3:00 बजे का समय भाजपा कार्यालय से लेकर भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं के घर पर कार्यकर्ताओं की गहमागहमी थी। हर किसी को इंतजार था भाजपा उम्मीदवारों की सूची जारी होने का। इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल भाजपा नेताओं के साथ हो रही एक अहम बैठक से बाहर निकले और चाणक्य होटल स्थित भाजपा के मीडिया सेंटर में पहुंचे।
यहां उन्होंने करीब 44 सेकेंड तक मीडिया को संबोधित किया। उम्मीद ये की जा रही थी कि आनन-फानन में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। नेता से लेकर कार्यकर्ता हर कोई खबरों पर टकटकी लगाए हुए थे, लेकिन संजय जायसवाल आए तो उन्होंने अपने 44 सेकेंड के मीडिया संबोधन में 5 बार नीतीश का नाम लिया।