- Hindi News
- International
- Hindi News International Coronavirus Novel Corona Covid 19 28 Oct | Coronavirus Novel Corona Covid 19 News World Cases Novel Corona Covid 19
वॉशिंगटनएक घंटा पहले

पेरिस के एक रास्ते से गुजरता एक कपल। देश में शुक्रवार से रेस्टोरेंट और बार बंद रहेंगे। लोग केवल जरूरी काम और मेडिकल इमरजेंसी होने पर ही घर से बाहर निकल सकते हैं।
- दुनिया में रिकवर मरीजों की संख्या 3.26 करोड़ से ज्यादा
- अमेरिका में 90.86 लाख से ज्यादा संक्रमित, 2.32 लाख से ज्यादा की मौत
फ्रांस में संक्रमण की दूसरी लहर को देखते हुए सरकार सतर्क हो गई है। बीबीसी के मुताबिक, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने देश में दूसरी बार लॉकडाउन लगा दिया है। लॉकडाउन पूरे नवंबर के लिए रहेगा। नया प्रतिबंध शुक्रवार से शुरू होगा। लोगों को केवल जरूरी कामों या मेडिकल इमरजेंसी में ही घर से निकलने की इजाजत होगी।
इस दौरान रेस्टोरेंट और बार बंद रहेंगे, लेकिन स्कूल और फैक्ट्रियां खुली रहेंगी। देश में अब तक करीब 12 लाख संक्रमित मिल चुके हैं और 35,541 लोगों की मौत हो चुकी है।
इटली में अब तक 37,905 मौतें और 5.89 लाख संक्रमित
इटली में 24 घंटे में रिकॉर्ड 24,991 संक्रमित मिले हैं। एक दिन पहले ही एक दिन में यहां 21,994 केस मिले थे। देश के उत्तरी इलाके लॉम्बार्डी में संक्रमण के मामलों में तेजी देखी गई है। वहीं, बुधवार को 205 लोगों की मौत हुई। एक दिन पहले 221 की जान गई थी। देश में अब तक 37,905 की जान जा चुकी है, जबकि 5.89 लाख संक्रमित हैं।
दुनिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4.45 करोड़ हो गया है। 3 करोड़ 26 लाख 10 हजार 559 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक 11.76 लाख से ज्यादा की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश |
संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 90,86,305 | 2,32,709 | 59,01,556 |
भारत | 80,31,591 | 1,20,496 | 73,05,982 |
ब्राजील | 54,45,475 | 1,58,101 | 49,04,046 |
रूस | 15,63,976 | 26,935 | 11,71,301 |
फ्रांस | 11,98,695 | 35,541 | 1,12,716 |
स्पेन | 11,94,681 | 35,466 | उपलब्ध नहीं |
अर्जेंटीना | 11,16,609 | 29,730 | 9,21,344 |
कोलंबिया | 10,33,218 | 30,565 | 9,32,882 |
ब्रिटेन | 9,42,275 | 45,675 | उपलब्ध नहीं |
मैक्सिको | 9,01,268 | 89,814 | 6,59,473 |
अमेरिका में बिगड़ रहे हालात
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में करीब 6 दिन बचे हैं, लेकिन यहां कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एक हफ्ते में पांच लाख से ज्यादा मरीज मिले हैं। इसी दौरान 5600 लोगों की मौत हुई है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने यह जानकारी दी है। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य इलिनॉय है।
31 हजार मामले इसी राज्य में सामने आए। पेनसिल्वेनिया और विस्कॉन्सिन में भी हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। विस्कॉन्सिन के हेल्थ इंचार्ज आंद्रे पॉम ने कहा- हम चाहते हैं कि चुनाव के लिए मतदान के दौरान कोरोना दिक्कत न हो। इसके लिए हर जरूरी व्यवस्था की जा रही है।
जर्मनी: 2 नवंबर से पार्शियल लॉकडाउन लगेगा
जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल ने बुधवार को कहा कि देश में कोरोना की रफ्तार को रोकने के लिए 2 नवंबर से पार्शियल लॉकडाउन लगाया जाएगा। इसके बारे में स्थानीय नेताओं से बात की जा रही है। रायटर्स के मुताबिक, यह नियम पूरे देश में लागू होगा और दो हफ्ते के बाद इसका रिव्यू किया जाएगा।
मर्केल ने कहा- इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में पिछले 10 दिन में मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। साथ ही कहा कि लॉकडाउन की वजह से प्रभावित अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए 10 बिलियन यूरो (करीब 87 हजार करोड़ रु.) दिया जाएगा। देश में कोरोना ऐसे पॉइंट पर पहुंच गया है, जहां 75% संक्रमण का पता लगाना मुश्किल है।
चीन में नए केस
चीन में 27 अक्टूबर को 42 नए मामले सामने आए। ये सभी मामले शिनजियांग में सामने आए हैं। हेल्थ अथॉरिटी ने कहा है कि 22 केस लोकल ट्रांसमिशन के हैं। इससे अधिकारियों की चिंता बढ़ रही है। इसकी वजह यह है कि चीन अक्सर यह दावा करता है कि उसके यहां लोकल मामले नहीं हैं। चीन में अब कुल मिलाकर 85,868 केस सामने आ चुके हैं। मरने वालों का आंकड़ा 4634 है।

चीन के शिनजियांग प्रांत में एक संक्रमित की जांच करता हेल्थ वर्कर। चीन में एक दिन में 42 मामले सामने आए। खास बात ये है कि ये सभी लोकल ट्रांसमिशन के हैं।
ब्रिटेन में हेल्थ वर्कर्स को मिलेगी वैक्सीन
ब्रिटेन सरकार ने फैसला किया है कि देश के हेल्थ नेटवर्क जिसे एनएचएस कहा जाता है, के सभी वर्कर्स को क्रिसमस के पहले ही वैक्सीन उपलब्ध करा दिया जाएगा। हालांकि, इस बारे में फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। एनएचएस के ट्रस्ट चीफ ने कहा- पूरी उम्मीद है कि क्रिसमस के पहले हमारे पास एक बेहतरीन वैक्सीन होगा। लेकिन, इसका पहला हक एनएचएस के फ्रंट लाइन वर्कर्स को है। अमेरिका में भी तीसरे चरण के वैक्सीन ट्रायल शनिवार से शुरू हो गए।