कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत घमंडपुर निवासी एक बुजुर्ग महिला गोली लगने से घायल हो गई। कोटद्वार बेस चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को देहरादून रेफर किया गया है।
घटना शुक्रवार देर रात की है। घमंडपुर निवासी देवेश्वरी देवी (61 वर्ष) पत्नी गोविंद सिंह को बीती देर रात गंभीर घायल अवस्था में कोटद्वार के बेस चिकित्सालय में लाया गया। देवेश्वरी देवी के सीने के पास गोली लगी थी। चिकित्सालय से मिली सूचना के बाद कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक पूनम शाह मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि बीती रात पूजा के बाद देवेश्वरी देवी अपने पति की रिवाल्वर साफ कर रही थी, उसी दौरान अचानक रिवाल्वर से फायर हो गया।
इधर चिकित्सकों ने बताया कि घायल देवेश्वरी देवी का एक्स-रे किया गया, जिसमें पता चला कि गोली पेट में जाकर धंसी है। देवेश्वरी देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें देहरादून रेफर किया गया है।
यह खबर भी पढ़े: दिवाली के दिन स्थिर रहे पेट्रोल-डीजल के दाम, जानिए अपने शहर का भाव