बेगूसराय। बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों का कहर चरम पर है। मामूली विवाद में भी गोली चलना और हत्या आम बात हो गई। गुरुवार की देर रात जब पूरा शहर विश्वकर्मा पूजा मना रहा था तो इसी बीच यहां अपराधियों ने शहर के व्यस्ततम चौक पर पुलिस को बड़ी चुनौती देते हुए महज एक गुटखा के लिए हुए विवाद में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद में सनसनी फैल गई। मामला नगर थाना क्षेत्र के हर-हर महादेव चौक केेेे समीप की है। मृतकों की पहचान पान दुकानदार नयागांव थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी सहदेव सिंह के पुत्र विकास उर्फ मुंशी तथा नगर थाना क्षेत्र के नागदाह निवासी रामाशीष महतो के पुत्र रौशन कुमार के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि विकास उर्फ मुंशी अपने पान दुकान पर बैठा हुआ था। उसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार नशे में धुत चार अपराधी पान दुकान पर पहुंचे और रंगदारी में गुटखा और रुपया मांगने लगे। पान दुकानदार विकास ने गुटखा नहीं दिया तो अपराधियों ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होते देख रौशन जब विकास को बचाने के लिए दौड़ा तो अपराधियों ने दोनों को गोलियों सेे भूून डाला। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े तो अपराधी मौके से हथियार लहराते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
सूचना मिलते ही पहुंची नगर थाना की पुलिस ने दोनों युवकों का शव अपने कब्जे में ले लिया तथा शुक्रवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इधर एक बार फिर दोहरा हत्याकांड से बेगूसराय दहल गया है। लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि बेगूसराय दोहरे-तिहरे हत्याकांड का जिला बनकर रह गया है क्योंकि नगर थाना क्षेत्र के अति व्यस्ततम हर-हर महादेव चौक पर हमेशा पुलिस की तैनाती का दावा किया जाता रहा है। लेकिन लगता है कि अपराधियों के बीच पुलिस का भय खत्म हो गया है।
यह खबर भी पढ़े: अक्षरा सिंह ने अनुभव सिन्हा की बोलती की बंद, बोलीं- बॉलीवुड में भोजपुरी इंडस्ट्री से ज्यादा नंगा नाच होता है
यह खबर भी पढ़े: कंगना ने उर्मिला को बताया सॉफ्ट पॉर्न स्टार, बोलीं- अपनी एक्टिंग की वजह से नहीं…