- देश में कोरोना से अब तक 16 हजार 103 संक्रमितों की मौत, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 7273 की जान गई
- देश में शनिवार तक 3 लाख 10 हजार 146 कोरोना मरीज ठीक हो गए, रिकवरी रेट 58% से ज्यादा हुआ
- बेंगलुरु में हर रविवार टोटल लॉकडाउन रहेगा; डीआरडीओ ने दिल्ली में बनाया एक हजार बेड का अस्पताल
दैनिक भास्कर
Jun 28, 2020, 02:23 AM IST
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5 लाख 29 हजार 577 हो गई। शनिवार को एक दिन में रिकॉर्ड 20 हजार 132 केस बढ़े और 14 हजार से ज्यादा ठीक हुए। इससे पहले बीते दो दिन लगातार 18 हजार से ज्यादा मरीज मिले थे। दिल्ली 80 हजार कोरोना संक्रमितों के साथ राज्य/केंद्र शासित प्रदेशों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर आ गई। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।
उधर, कर्नाटक के बेंगलुरु में अब हर रविवार को टोटल लॉकडाउन रहेगा। नाइट कर्फ्यू भी एक घंटा पहले 8 बजे से शुरू होगा। राज्य में बाहर से आए लोगों को 14 दिन होम क्वारैंटाइन में रहना होगा। लेकिन महाराष्ट्र से लौटने पर 7 दिन अनिवार्य रूप से क्वारैंटाइन सेंटर में रहना पड़ेगा। तमिलनाडु के मदुरै में भी 27 से 29 जून तक टोटल लॉकडाउन रहेगा।

दिल्ली में सेरोलॉजिकल सर्वे शुरू, केजरी ने केंद्र की तारीफ की
राजधानी में शनिवार से सेरोलॉजिकल सर्वे शुरू हुआ। इसके तहत 20 हजार सैंपल लिए जाएंगे। सेरोलॉजिकल एक एंटीबॉडी टेस्ट है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में केंद्र ने हमें हाथ पकड़कर चलना सिखाया। दिल्ली में मामले बढ़ने के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने कमान संभाली। कई बैठकें कर फैसले किए। शाह और केजरीवाल ने राजधानी के कोविड सेंटरों का जायजा लिया।

देश में कोरोना के मामले 5 लाख पार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 18 हजार 552 मामले सामने आए। 384 लोगों की मौत हुई। इसके साथ देश में संक्रमितों की संख्या 5 लाख 8 हजार 953 हो गई। इनमें 1 लाख 97 हजार 387 सक्रिय मामले हैं। 2 लाख 95 हजार 881 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 15 हजार 685 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 2 लाख 20 हजार 479 टेस्ट किए गए। वहीं, 26 जून तक देश में 79 लाख 96 हजार707 लोगों के टेस्ट किए जा चुके हैं।
अपडेट्स
- दिल्ली में कोरोना मरीजों के लिए अगले हफ्ते से एक हजार बेड का अस्पताल शुरू होगा। इसे डीआरडीओ ने तैयार किया है। यहां सेना के डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ इलाज करेगा। धौलाकुआं के पास बने इस अस्पताल में ऑक्सीजन सप्लाई मशीन और वेंटिलेटर्स के साथ-साथ आईसीयू वार्ड भी होंगे।
- केंद्र सरकार ने डेक्सामेथासोन दवा को कोरोना के इलाज में इस्तेमाल करने की मंजूरी दे दी है। इस दवा का इस्तेमाल सूजन को कम करने के लिए किया जाता है। जिन मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत होगी, उन्हें यह दवा दी जाएगी।
-
डेक्सामेथासोन का इस्तेमाल मेथाइलप्रेडनिसलोन के विकल्प के तौर पर किया जाएगा। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने डेक्सामेथासोन के प्रोडक्शन को बढ़ाने के लिए कहा है। कुछ दिन पहले ब्रिटिश क्लीनिकल ट्रायल में पाया गया था कि इस दवा में कोरोना के मरीजों की जान बचाने की क्षमता है।
-
बॉर्डर सिक्युरिटी फोर्स (बीएसएफ) में पिछले 24 दिनों में 43 पॉजिटिव केस मिले। इसके साथ संक्रमितों की संख्या 911 हो गई है। अब तक 633 पर्सनल स्वस्थ हो चुके हैं।
जून में स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या, बीमार लोगों से ज्यादा बढ़ी
अनलॉक-1 यानी जून के महीने में 3 लाख से ज्यादा मरीज बढ़ गए। एक जून को 1 लाख 98 हजार 371 मरीज थे। यानी जून के 26 दिनों में 3 लाख 11 हजार 095 मरीज बढ़ गए और संक्रमितों का आंकड़ा पांच लाख से ज्यादा हो गया। अच्छी खबर यह है कि भारत में रिकवरी रेट भी तेजी से बढ़ा है। इस दौरान रिकवरी रेट में भी 16% की बढ़ोतरी हुई और यह अब 58.26% पर पहुंच गया है।
अनलॉक-1 में सबसे ज्यादा मरीज ठीक हुए। यानी एक्टिव और स्वस्थ हुए मरीज के बीच में गैप बढ़ा है। इसे ऐसे समझें- एक जून को जब अनलॉक-1 शुरू हुआ था तब एक्टिव केस 97 हजार 008 थे, तो रिकवर केस की संख्या 95 हजार 744 थी। उस वक्त 1264 एक्टिव केस ज्यादा थे।
9 जून के बाद रिकवर केस एक्टिव केस से ज्यादा होते गए। 26 जून को एक्टिव केस 1 लाख 97 हजार 784 और रिकवर केस 2 लाख 95 हजार 917 हो गए। दोनों के बीच 98 हजार 133 का अंतर हो गया।

5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: भोपाल में शनिवार को 40 कोरोना मरीज मिले। इसके साथ राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2688 हो गई है। हालांकि, इनमें से 2011 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। राजधानी में अब तक संक्रमण से 94 लोगों की मौत हो चुकी है। उधर, सागर जिले में भी 10 कोरोना संक्रमित मिले। छिंदवाड़ा जिले के परासिया और पांढुर्णा तहसील में एक-एक कोरोना पॉजिटिव मिले।

महाराष्ट्र: बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने बताया कि एक जुलाई से अस्पतालों को कोरोना बीमारी से जुड़ी मौतों की जानकारी गूगल फॉर्म के जरिए देनी होगी। दरअसल, यह रियल टाइम अपडेट के लिए ऐसा किया जा रहा है। कई बार अस्पताल जानकारी देने में देरी करते थे। उधर, राज्य में शुक्रवार को 5024 संक्रमित मिले थे और 175 लोगों की मौत हो गई थी।

उत्तरप्रदेश: यहां शुक्रवार को 750 नए मरीज सामने आए और 19 की जान गई। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में 136, गाजियाबाद में 89 और लखनऊ में 52 पॉजिटिव केस बढ़े। राज्य में संक्रमितों की संख्या 20 हजार 943 हो गई, इनमें से 6730 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 630 लोगों की मौत हुई है।
राजस्थान: राजस्थान में शनिवार को कोरोना के 127 पॉजिटिव सामने आए। अलवर में 38, धौलपुर में 30, जयपुर में 13, कोटा में 12, सीकर में 10, अजमेर में 5, उदयपुर में 4, बीकानेर और झुंझुनू में 3-3, दौसा, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, नागौर और सवाई माधोपुर में 1-1 संक्रमित मिला। इसके साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 16787 पहुंच गया। वहीं, 9 लोगों की मौत भी हो गई। इनमें जयपुर और जोधपुर में 3-3, अजमेर, पाली और राज्य में बाहर से आए एक-एक व्यक्ति की मौत शामिल है।

बिहार: राज्य में शनिवार दोपहर तक 180 नए मरीज मिले। इसके साथ कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8858 हो गई है। वहीं, पटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। राज्य में शुक्रवार को 190 संक्रमित मिले थे और एक मरीज ने दम तोड़ दिया था। कोरोना से अब तक 57 लोग जान गंवा चुके हैं।