- Hindi News
- National
- Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today Mumbai Delhi Coronavirus News
नई दिल्ली29 मिनट पहले

यह फोटो दिल्ली की है। यहां फेस्टिवल के लिए लोग बाजार में खरीददारी करते दिखे। बाजारों में मास्क पहने तो लोग दिख रहे हैं, लेकिन सोशल डिस्टेसिंग नहीं दिख रही।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने रविवार को कहा कि अब महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। कोरोना के मामलों में गिरावट के चलते लॉकडाउन में छूट दी गई है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि कोरोना बिल्कुल समाप्त हो चुका है।
ठाकरे ने कहा कि हम सभी को लंबे समय तक फेस मास्क का इस्तेमाल करना होगा। इसे अनिवार्य रूप से अपनी आदत में शामिल करें। हम सभी को मिलकर ये सुनिश्चित करना है कि कोरोना की दूसरी लहर शुरू न हो सके। दिवाली के बाद स्कूलों और धार्मिक स्थलों को खोलने का विचार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुंबई लोकल सभी के लिए खोलने को लेकर केंद्र सरकार से बात कर रहे हैं। लोगों से अपील कर रहे हैं कि दिवाली पर पटाखे जलाने की बजाय दीए जलाएं। दिवाली के बाद के 15 दिन अहम होंगे। हमें ध्यान रखना चाहिए कि फिर से लॉकडाउन की जरूरत नहीं पड़े।
18 राज्यों में एक्टिव केस बढ़े
शनिवार को देश के 18 राज्य और केंद्र शासित राज्य में एक्टिव केस बढ़े हैं। इसके पहले शुक्रवार को 16 राज्यों में यह इजाफा देखने को मिला था। हर दिन ऐसे राज्यों की संख्या बढ़ रही है, जहां एक्टिव केस में इजाफा हो रहा है। केरल, दिल्ली, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, राजस्थान, हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, नगालैंड, मेघालय, लद्दाख, चंडीगढ़, मिजोरम, सिक्किम, अंडमान निकोबार में एक्टिव केस बढ़े हैं।
मरीजों का आंकड़ा 85.13 लाख हुआ
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 85 लाख 13 हजार 11 हो गया है। इनमें 5 लाख 13 हजार 337 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 78 लाख 71 हजार 645 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 26 हजार 201 मरीजों की मौत हो चुकी है।

कोरोना अपडेट्स
- ओडिशा में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 3 लाख के पार हो गया है। अब तक यहां 3 लाख 140 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 2 लाख 85 हजार 174 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1463 मरीजों की मौत हो चुकी है।
- केंद्र सरकार ने अगले साल हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दी है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रा पर जाने के 72 घंटे पहले सभी जायरीन को कोविड-19 टेस्ट कराना होगा।
लगातार 51वें दिन ओवरऑल एक्टिव केस में गिरावट
दिल्ली, केरल और पश्चिम बंगाल में नए केस में बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि, राहत की बात है कि देश में एक्टिव केस में गिरावट 51 दिन से जारी है। 17 सितंबर के बाद से ये एक बार भी नहीं बढ़े हैं। अब सिर्फ 5.11 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से 2.57 लाख केस सिर्फ महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में हैं। महाराष्ट्र में एक्टिव केस का आंकड़ा एक लाख से नीचे आ गया है।

पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में रविवार को कोरोना के 891 नए केस सामने आए। 688 लोग रिकवर हुए और 11 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 77 हजार 359 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 66 हजार 403 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3028 मरीजों की मौत हो चुकी है। 7928 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

2. राजस्थान
पिछले 24 घंटे के अंदर राजस्थान में 1841 कोरोना संक्रमित मिले। 1778 लोग रिकवर हुए और 13 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 9 हजार 438 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16 हजार 327 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 91 हजार 132 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1979 मरीजों की मौत हो चुकी है।

3. बिहार
राज्य में शनिवार को 819 लोग संक्रमित पाए गए। 1 हजार लोग डिस्चार्ज हुए और 7 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 21 हजार 811 लोग संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। इनमें 6 हजार 763 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 13 हजार 911 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना के चलते 1136 लोग जान गंवा चुके हैं।

4. महाराष्ट्र
राज्य में शनिवार को 3959 लोग संक्रमित मिले। 6748 लोग रिकवर हुए और 150 की मौत हो गई। अब तक 17 लाख 14 हजार 273 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 99 हजार 151 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 15 लाख 69 हजार 90 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 45 हजार 115 मरीजों की मौत हो चुकी है।

5. उत्तरप्रदेश
रविवार को राज्य में 2247 लोग संक्रमित पाए गए। 1858 लोग डिस्चार्ज हुए और 26 मरीजों की मौत हो गई। अभी 23 हजार 249 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 67 हजार 108 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से 7206 लोग जान गंवा चुके हैं।
