आरा।भोजपुर जिले में एक बार फिर शादी विवाह के दौरान फायरिंग में एक युवक की हत्या हो गई है।इस बार यह हत्या अनजाने में नही बल्कि जानबूझकर की गई है।बारातियों द्वारा किये जा रहे हर्ष फायरिंग का विरोध करने पर युवक को गोली मार दी गई। भोजपुर जिले में यह घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के पडरिया गांव में शुक्रवार की देर रात घटी है जहां शादी समारोह में नाचने-गाने के बीच उपजे विवाद में एक युवक को सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली लगने से घायलहुए युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया लेकिन युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतक निकेश कुमार सिंह (25 वर्ष) पड़रिया गांव निवासी विश्वनाथ सिंह का पुत्र था। उसे दायें सीने के पास गोली लगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है। शनिवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल आरा में कराया गया। उधर पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है और शुरूआती जांच में नाच व गुरहथी के दौरान हर्ष फायरिंग का विरोध करने पर उपजे विवाद के बाद युवक को गोली मारे जाने की बात सामने आ रही हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल देसी रायफल को जब्त कर लिया है।बाराती पक्ष के आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही हैं। घटना के बताया जाता हैं कि रोहतास जिले के सासाराम से चरपोखरी थाना के पड़रिया गांव निवासी हर गोविंद सिंह के यहां बारात आई हुई थी।बारात के ही कुछ लोग देसी रायफल से हर्ष फायरिंग कर रहे थे। गांव के लोगों ने नशे में धुत बारातियों को फायरिंग करने से मना किया। इसपर बाराती आक्रामक हो गए। इसके बाद दोनों पक्ष में विवाद बढ़ने लगा।बताया जाता है कि विवाद बढ़ने के बाद बारात में आये एक व्यक्ति ने देसी रायफल से युवक को सीने में गोली मार दी।
यह खबर भी पढ़े: जब देश का किसान होगा समृद्ध तो देश भी होगा समृद्ध: प्रधानमंत्री